Last Updated:
आयुष्मान खुराना की अपकमिंग स्पाई-कॉमेडी फिल्म ‘उड़ता तीर’ 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है. रिलीज से ठीक पहले एक्टर ने अपनी इस फिल्म और ऑस्कर विजेता प्रोड्यूसर गुनीत मोंगा को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया है. आयुष्मान ने बताया कि उनके करियर का पहला ऑडिशन गुनीत ने ही लिया था और सालों बाद अब दोनों एक साथ काम कर रहे हैं, आकाश कौशिक के निर्देशन में बनी इस फिल्म में देशभक्ति, एक्शन और कॉमेडी का जबरदस्त तड़का देखने को मिलेगा, जिसमें सारा अली खान भी लीड रोल में हैं.
23 अक्टूबर को रिलीज होगी ‘उड़ता तीर’ मूवी. (फोटो: Instagram@dharmamovies)
नई दिल्ली. बॉलीवुड स्टार आयुष्मान खुराना अपनी बहुचर्चित अपकमिंग फिल्म ‘उड़ता तीर’ को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. इस फिल्म की रिलीज को अब कुछ ही घंटे बचे हैं. इससे पहले आयुष्मान खुराना ने अपने शुरुआती दिनों से जुड़ा एक बेहद दिलचस्प खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि ऑस्कर विजेता प्रोड्यूसर गुनीत मोंगा ने ही उनके करियर का सबसे पहला ऑडिशन लिया था. सालों बाद अब दोनों को ‘उड़ता तीर’ के लिए साथ काम करने का बेहतरीन मौका मिला है, जिसे लेकर दोनों ही बेहद उत्साहित हैं.
आयुष्मान खुराना ने कहा, ‘जब बात कंटेंट की आती है, तो इसको लेकर गुनीत और मेरी सोच काफी मिलती है. मुझे हमेशा से ऐसी फिल्मों ने आकर्षित किया है, जो लीक से हटकर और अलग कहानियां पेश करती हैं. गुनीत ने भी अपनी फिल्मों के जरिए अलग कहानियों को बढ़ावा दिया है. उन्होंने भारतीय कहानियों को ग्लोबल प्लेटफॉर्म तक पहुंचाया है और ऑस्कर में भारत का प्रतिनिधित्व किया है.’
दर्शकों को कुछ अलग पेश करेगी ‘उड़ता तीर’
एक्टर ने आगे बताया, ‘टीम का तालमेल इस फिल्म को खास बनाता है. ‘उड़ता तीर’ के जरिए हम देशभक्ति, एक्शन और कॉमेडी को मिलाकर एक ऐसी एंटरटेनर फिल्म लेकर आ रहे हैं, जो इस जॉनर में कुछ अलग पेश करेगी.’ गुनीत मोंगा के साथ अपने पुराने रिश्ते को याद करते हुए आयुष्मान ने बताया कि दोनों का साथ काफी पुराना है.
गुनीत मोंगा ने लिया था आयुष्मान खुराना का पहला ऑडिशन
आयुष्मान खुराना ने कहा, ‘गुनीत ने ही मेरा पहला ऑडिशन लिया था, इसलिए हमारा रिश्ता काफी पुराना है. उसके बाद से हम लगातार संपर्क में रहे हैं और एक-दूसरे के सफर को देखते आए हैं. अब आखिरकार हमें साथ काम करने का मौका मिला है.’