आरा के इस हॉस्टल में पुलिस की रेड, रूम नंबर 10 से हथियार बरामद; अब पूरा हॉस्टल सील

आरा के इस हॉस्टल में पुलिस की रेड, रूम नंबर 10 से हथियार बरामद; अब पूरा हॉस्टल सील


Last Updated:

Ara News : आरा में नूतन छात्रावास पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. भोजपुर जिले में आपराधिक गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद एसपी के निर्देश पर विशेष टीम ने महाराजा कॉलेज के पास स्थित छात्रावास में छापेमारी की. पुलिस के मुताबिक, रूम नंबर 10 से हथियार के साथ कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया. वहीं हॉस्टल को सील कर दिया गया.

Zoom

प्रशासन ने पूरे नूतन छात्रावास को सील कर दिया.

भोजपुर. बिहार के आरा से बड़ी खबर आ रही है. दरअसल भोजपुर जिले में आपराधिक गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने महाराजा कॉलेज के पास स्थित नूतन छात्रावास में छापेमारी की. पुलिस के मुताबिक, छात्रावास में अपराधियों के आने-जाने और वहां से आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिए जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद भोजपुर एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर हॉस्टल में छापेमारी की गई. इस दौरान एक कमरे से हथियार के साथ कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया. कार्रवाई के बाद प्रशासन ने पूरे नूतन छात्रावास को सील कर दिया.

पुलिस के अनुसार, नूतन छात्रावास में अपराधियों के लगातार आने-जाने की गुप्त सूचना मिली थी. इसी आधार पर विशेष टीम ने हॉस्टल में छापेमारी की. तलाशी के दौरान रूम नंबर 10 से कुछ लोगों को हथियार के साथ पकड़ा गया. पुलिस अब गिरफ्तार लोगों से पूछताछ और पूरे मामले की जांच में जुटी है.

छात्रावास सील होने पर छात्रों ने जताई नाराजगी

छात्रावास सील किए जाने के बाद वहां रहने वाले कई छात्र मौके पर पहुंचे. छात्रों का कहना है कि नूतन छात्रावास में बड़ी संख्या में विद्यार्थी रहकर पढ़ाई करते हैं. हॉस्टल में करीब 36 कमरे हैं और इनमें सैकड़ों छात्र आते-जाते हैं. छात्रों के मुताबिक, दशहरा पूजा के दौरान कई विद्यार्थी अपने घर चले गए थे. इसी दौरान प्रशासन की कार्रवाई हुई और कुछ कमरों के ताले तोड़े गए. छात्रों का आरोप है कि उनकी गैरमौजूदगी में कमरों के ताले तोड़कर पूरे हॉस्टल को सील कर दिया गया. छात्रों ने इसे अनुचित बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

छात्रों की मांग, अपराधियों पर हो कार्रवाई

छात्रों का कहना है कि अगर छात्रावास में कुछ लोग आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए गए हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. लेकिन इसकी वजह से पढ़ाई करने वाले सभी छात्रों को परेशानी नहीं होनी चाहिए. छात्रों ने प्रशासन से पूरे हॉस्टल को सील करने के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है. पुलिस की कार्रवाई के बाद अब इस मामले में आगे की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि छात्रावास में गिरफ्तार किए गए लोगों का आपराधिक गतिविधियों से क्या संबंध था और वहां उनका आना-जाना कब से था.



Source link