Last Updated:
उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी के संभावित उम्मीदवारों को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के नाम पर फर्जी फोन कॉल जा रहे हैं और टिकट फाइनल कराने के नाम पर पैसे की मांग की जा रही है, जिसको लेकर कांग्रेस नेता राजेंद्र गौतम ने वीडियो शेयर किया है.
कांग्रेस में संभावित उम्मीदवारों को आ रहे फर्जी कॉल.
लखनऊः उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले फर्जीवाड़े करने वाले गैंग सक्रिय हो गए हैं. इसी कड़ी में कांग्रेस पार्टी के संभावित प्रत्याशियों को टिकट दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वाले फर्जी फोन कॉल आ रहे हैं. इस मामले की शिकायत मिलने के बाद कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने वीडियो संदेश जारी कर पार्टी के नेताओं और संभावित उम्मीदवारों को सतर्क रहने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी टिकट देने के नाम पर किसी से पैसे नहीं मांगती. ऐसे में किसी भी व्यक्ति के बहकावे में आकर पैसे न भेजें.
टिकट के लिए 76 हजार की डिमांड
राजेंद्र पाल गौतम ने वीडियो में बताया कि कुछ लोग खुद को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का प्रतिनिधि बताकर संभावित प्रत्याशियों को फोन कर रहे हैं. फोन करने वाले कथित तौर पर कहते हैं कि संबंधित व्यक्ति कांग्रेस का संभावित उम्मीदवार है और टिकट की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए उसे 76 हजार रुपये भेजने होंगे. इसके लिए बारकोड भेजने और तुरंत पेमेंट करने का दबाव भी बनाया जा रहा है.
किस नंबर से आ रहा फोन
कांग्रेस प्रभारी ने बताया कि एक संभावित प्रत्याशी के पास 8882097904 नंबर से फोन आने की शिकायत मिली है. उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों के जरिए कुछ लोग चुनाव के समय का फायदा उठाकर ठगी करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने पार्टी से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं से ऐसे कॉल को लेकर सतर्क रहने की अपील की है.
टिकट के बदले पैसे मांगने के मुद्दे पर कांग्रेस प्रवक्ता का बयान
वहीं कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी टिकट के नाम पर पैसे मांगने वाले फ्रॉड लोगों से कोई संबंध नहीं रखती. ऐसे लोगों को पुलिस से पकड़वाया जाना चाहिए और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए. टिकट के लिए कोई भी कांग्रेसी पैसे का लेन-देन न करें. राहुल गांधी के नेतृत्व में योग्य प्रत्याशियों को टिकट दिया जाएगा.