Last Updated:
Ghaziabad News : शिकायतकर्ता के मुताबिक, कार्यक्रम का आयोजन डांडिया नाइट और जागरण के नाम पर किया जा रहा था, लेकिन वहां बजाए जा रहे गानों से उन्हें आपत्ति थी. उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई करने की मांग की है.
सोसाइटी में डांडिया नाइट, महिला ने 112 पर की शिकायत. (File Photo)
गाजियाबाद : त्योहार हो, डांडिया नाइट हो या जागरण, ऐसे आयोजनों का मकसद लोगों को एक साथ लाना, खुशियां बांटना और उत्सव मनाना होता है, लेकिन जब किसी की मौज-मस्ती दूसरे के लिए परेशानी बन जाए, तो सवाल उठना लाजिमी है. गाजियाबाद की वेवसिटी की ड्रीम होम्स सोसाइटी से सामने आई एक शिकायत इसी सवाल को सामने रखती है. शिकायत के मुताबिक, एक ओर डांडिया नाइट और जागरण के नाम पर तेज आवाज में DJ बजाया जा रहा था, तो दूसरी ओर एक महिला का दावा है कि शोर के कारण उन्हें अपना फ्लैट छोड़कर होटल में रुकना पड़ा.
शिकायतकर्ता असावरी मीनाक्षी के मुताबिक, 18 अक्टूबर 2026 को ड्रीम होम्स सोसाइटी के T-7 टावर के पीछे क्लाउडबाउज के पास कार्यक्रम आयोजित किया गया था. महिला का आरोप है कि कार्यक्रम में काफी तेज आवाज में DJ बजाया जा रहा था. उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 पर की. शिकायत में कहा गया है कि पुलिस ने आयोजकों को आवाज कम करने के लिए कहा, लेकिन पुलिस के जाने के बाद भी DJ तेज आवाज में बजता रहा. महिला का दावा है कि लगातार शोर के कारण उनके लिए घर में रहना मुश्किल हो गया और उन्हें मजबूरी में फ्लैट छोड़कर होटल में रुकना पड़ा.
डांडिया और जागरण के नाम पर क्या बज रहा था?
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि कार्यक्रम में डांडिया और जागरण के नाम पर DJ पर तेज आवाज में आइटम सॉन्ग और अश्लील भोजपुरी गाने बजाए जा रहे थे. उनका कहना है कि इन गानों से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा.
शिकायतकर्ता के मुताबिक, कार्यक्रम का आयोजन डांडिया नाइट और जागरण के नाम पर किया जा रहा था, लेकिन वहां बजाए जा रहे गानों की प्रकृति से उन्हें आपत्ति थी. उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस ने इस बाबत आयोजकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.