हिमाचल में CM के कार्यक्रम से पहले आई बुरी खबर, दौरे की तैयारियों में जुटे युवा कांग्रेस अध्य़क्ष की करंट लगने से मौत

हिमाचल में CM के कार्यक्रम से पहले आई बुरी खबर, दौरे की तैयारियों में जुटे युवा कांग्रेस अध्य़क्ष की करंट लगने से मौत


Last Updated:

Chamba CM Tour: हिमाचल प्रदेश के चंबा में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के दौरे की तैयारी कर रहे यूथ कांग्रेस उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी की करंट लगने से मौत हो गई. मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं ने निधन पर शोक जताया है.

Zoom

चंबा जिला यूथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी की करंट लगने से मौत हो गई.

चंबा. हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के होली में सीएम सुक्खू के कार्यक्रम से पहले बुरी खबर आई है. यहां पर सीएम के कार्यक्रम की तैयारियों मे जुटे चंबा जिला यूथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी की करंट लगने से मौत हो गई. बीती रात को वह सीएम के प्रोग्राम को लेकर बंदोबस्त कर रहे थे तो उन्हें करंट लगा और उनकी मौत हो गई.

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के 22 और 23 अक्तूबर को प्रस्तावित होली दौरे को लेकर स्वागत की तैयारियां की जा रही थीं. इसी क्रम में चंद्रमणी कुलेठी रात के समय पोस्टर, बैनर और झंडे लगाने के कार्य में जुटे हुए थे. बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे बिजली लाइन की चपेट में आ गए. करंट लगने से उनकी मौत हो गई. हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया. वह अपने पीछे पत्नी, दो साल का मासूम बेटा और परिवार को छोड़ गए हैं. चंद्रमणि होली के रहने वाले थे.

रात को डाली थी आखिरी पोस्ट

चंद्रमणि ने बीती रात 12 बजे आखिरी पोस्ट अपने सोशल मीडिया पेज पर शेयर की थी और इस दौरान वह सीएम के कार्यक्रम की तैयारियों के बारे में बता रहे थे. साथ ही उन्होंने कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस के झंडे लगाने की तस्वीरें भी शेयर की थी. चंद्रमणि ने लिखा कि मुख्यमंत्री जी के होली आगमन पर भव्य स्वागत की तैयारियाां. झंडे हाथों में, दिलों में उत्साह और मन में अपनी होली घाटी के विकास की उम्मीदें. आज युवा कांग्रेस के साथियों के साथ मिलकर हिमाचल प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जी के स्वागत की तैयारियाँ कीं. होली–उतराला सड़क सहित क्षेत्र की विकास संबंधी उम्मीदों और जनहित की मांगों के साथ हम सभी युवा साथी मुख्यमंत्री जी के स्वागत के लिए उत्साहित है.  होली घाटी की पावन धरा पर माननीय मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जी का हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत है.

सीएम सुक्खू ने जताया दुख

सीएम सुक्खू ने चंद्रमणि के निधन पर दुख जताया और कहा कि चंबा जिला के होली निवासी एवं यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी जी के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. उनके निधन से कांग्रेस परिवार ने अपना एक समर्पित और कर्मठ युवा साथी खो दिया है. चंद्रमणि जी मेरे होली दौरे को लेकर बेहद उत्साहित थे, और कई दिन से कार्यक्रम की तैयारियों में जी-जान से जुटे थे. इस कठिन घड़ी में, मैं शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा हूँ. ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक-संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें.

मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि  हाल ही में होली प्रवास के दौरान उनके साथ बिताए गए कुछ पल आज स्मृतियों में ताज़ा हो उठे,  उनका इस तरह अचानक हम सभी को छोड़कर चले जाना संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है. उनका सरल स्वभाव, आत्मीयता और मिलनसार व्यक्तित्व सदैव स्मरणीय रहेगा.

भाजपा नेता ने जताया दुख

पालमपुर से भाजपा नेता त्रिलोक कपूर ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि मेरे नज़दीकी रिश्तेदार से संबंधित एवं राजनीति में उभरते हुए युवा चेहरे, छोटे भाई चंद्रमणि कुलेठी जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है. उनका असमय चले जाना परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों के लिए अपूरणीय क्षति है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.


कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने लिखा कि हिमाचल युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री चंद्रमणि कुलेटी जी के पार्टी कार्य के दौरान रात्रि में करंट लगने से हुए असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है. उनका इस तरह असमय चले जाना कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है. संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, समर्पण और सेवाभाव सदैव स्मरणीय रहेंगे. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.



Source link