Last Updated:
महोबा के चरखारी विधानसभा सीट से विधायक बृजभूषण राजपूत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह बीज भंडार केंद्र के प्रभारी से सवाल करते हैं कि सोनू यादव, तुम अखिलेश यादव से मिले हो क्या और फिर उसे दो-तीन थप्पड़ जड़ देते हैं.
बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत ने मारा थप्पड़.
महोबाः कभी कैबिनेट मंत्री व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के काफिले को रोकने वाले तो कभी सीएम योगी को भी बीच रास्ते में रोकने की बात कहने वाले भारतीय जनता पार्टी के विधायक बृजभूषण राजपूत एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. मामला है राजकीय कृषि बीज भंडार के प्रभारी सोनू यादव को थप्पड़ मारने का और कॉलर पकड़कर ले जाने का. दरअसल, महोबा जिले के चरखारी विधानसभा सीट से विधायक बृजभूषण राजपूत को सरकारी बीज की कालाबाजारी की शिकायत मिली.
कृषि बीज भंडार के प्रभारी को मारा थप्पड़
इसके बाद वह अपने समर्थकों के साथ बीज भंडार केंद्र पर पहुंच गए और वहां के प्रभारी सोनू यादव से सवाल-जवाब करने लगे. इस दौरान विधायक महोदय का पारा चढ़ गया और सोनू यादव को दो-तीन थप्पड़ जड़ दिए. अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
प्रभारी से पूछा कि अखिलेश यादव से मिले हो क्या
भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने बीज गोदाम प्रभारी सोनू यादव को पिकअप में बीज लदवाते पकड़ लिया और उनका गुस्सा बढ़ गया. उन्होंने प्रभारी सोनू यादव से सवाल किया कि सोनू यादव, अखिलेश यादव से मिले हो क्या, जो इस तरह कर रहे हो. इस दौरान वहां मौजूद एक शख्स विधायक से कहता है कि यह हमेशा कहता रहता है कि और दो भाजपा को वोट. विधायक जब मौके पर पहुंचे तो वहां पहले से खड़े पिकअप में चने के बीज की 100 बोरियां लदी मिलीं. किसानों को निशुल्क वितरित होने वाला सरकारी बीज अवैध रूप से ले जाया जा रहा था. वायरल वीडियो में विधायक प्रभारी को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं.
सोनू यादव के खिलाफ थाने में तहरीर
मामले की सूचना मिलने पर प्रभारी जिला कृषि अधिकारी मौके पर पहुंचे. बीज गोदाम प्रभारी सोनू यादव और उसके दो सहयोगियों के खिलाफ चरखारी कोतवाली में तहरीर दी गई. पुलिस ने चने की बोरियों से लदी पिकअप को कब्जे में लिया. विधायक ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराने की चेतावनी दी. चरखारी कोतवाली क्षेत्र के राजकीय कृषि बीज भंडार चरखारी का मामला.