बिहार के किसानों के लिए खुशखबरी, ड्रिप स्प्रिंकलर मशीन पर सरकार दे रही 55% सब्सिडी, 27 हजार में मिलेगी 60 हजार वाली मशीन

बिहार के किसानों के लिए खुशखबरी, ड्रिप स्प्रिंकलर मशीन पर सरकार दे रही 55% सब्सिडी, 27 हजार में मिलेगी 60 हजार वाली मशीन


Last Updated:

Drip Sprinkler Machine Subsidy: बिहार में कृषि का कार्य आधुनिक होता जा रहा है. यहां के किसान अब अपनी खेती हल-बैल से न करके, मशीनों से करना शुरू कर चुके हैं. ऐसे में आप कहीं भी चले जाएं, वहां के खेतों में आपको कृषि यंत्र ही नजर आएंगे. कृषि यंत्रों ने किसानों का कार्य न सिर्फ सटीक किया है, बल्कि कम समय और कम श्रमिकों में भी काम को पूरा कर दे रहे हैं. इन्हीं कारणों से किसान मशीनों की ओर रुख कर रहे हैं. अब ऐसे में जिन किसानों के पास पूंजी की कमी नहीं है, वे तो अपने घर मशीन खरीदकर ले आ रहे हैं, लेकिन उनका क्या जिनके पास पूंजी का अभाव है वे क्या करें.

ऐसे किसानों की मदद करने के लिए सरकार तैयार है. आजकल पानी की किल्लत ने खेती को थोड़ा मुश्किल कर दिया है. ऐसे में धान और गेहूं की खेती कर पाना चुनौतीपूर्ण होने लगा है. धान की खेती में पानी की खपत काफी अधिक होती है. जिस हिसाब से पानी का खर्च होता है, उस हिसाब से बारिश नहीं हो पाती है. ऐसे में किसानों को कई बार मुश्किलों का सामना करना पड़ जाता है.

पानी के दोहन को कम करने के लिए ड्रिप स्प्रिंकलर मशीन ईजाद की गई है. यह एक ऐसी मशीन है, जिसके माध्यम से पानी की खपत को 50 से 60% तक कम किया जा सकता है. जानकारी के मुताबिक, यह न सिर्फ पानी की खपत को कम करती है, बल्कि उत्पादन भी 25 से प्रतिशत तक बढ़ाती है. यही वजह है कि सरकार भी इस मशीन को खेतों में लगाने पर अनुदान देती है.

ड्रिप स्प्रिंकलर मशीन को 1 एकड़ खेत में लगाने पर करीब ₹60,000 का खर्च आता है, वहीं अनुदान के बाद इस मशीन की कीमत महज ₹27,000 ही रह जाती है. ऐसे में किसानों को बड़ी राहत मिलती है. हालांकि, इस सरकारी यंत्र को खरीदने के लिए किसानों को उद्यान विभाग के पोर्टल या फिर बिहार कृषि एप से आवेदन करना पड़ता है, जिसके लिए कुछ जरूरी दस्तावेज रखने होते हैं.

Add News18 as
Preferred Source on Google

रजनीश कुमार, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी, मखदुमपुर ने लोकल 18 को बताया कि यह एक बेहद प्रभावशाली कृषि यंत्र है. इस यंत्र को खेतों में इंस्टॉल करने पर पानी की बचत होती है. साथ ही, फसल की उत्पादन क्षमता भी बढ़ती है. प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत पोर्टेबल स्प्रिंकलर, मिनी स्प्रिंकलर और माइक्रो स्प्रिंकलर सब्सिडी दर पर मिलते हैं. खेतों में इन यंत्रों को इंस्टॉल करने से डबल मुनाफा होता है.

इस मशीन को खरीदने के लिए बिहार कृषि एप या हॉर्टिकल्चर बिहार पर आवेदन करना होता है. इस दौरान किसान को किसान पंजीकरण नंबर, लैंड रिसिप्ट और एक फोटोग्राफ की जरूरत पड़ती है. इसको आप चाहें तो अपने मोबाइल से या किसी साइबर कैफे से भी अप्लाई करवा सकते हैं. इन मशीनों पर विभाग की ओर से 55% का अनुदान मिलता है.

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍ियादेखें.



Source link