Last Updated:
Chandigarh Businessmen Death: चंडीगढ़ के एक होटल में रायपुर के कारोबारी दीपक कुमार मित्तल का शव मिला. पुलिस मामले की जांच कर रही है और होटल स्टाफ से भी पूछताछ जारी है. पुलिस को कमरे से शराब की बोतलें और कुछ दवाएं मिली हैं. हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में ही पता चल पाएगी.
चंडीगढ़ में होटल के बाहर खड़ी पुलिस की गाड़ियां.
चंडीगढ़. चंडीगढ़ के सेक्टर 17 में एक नामी होटल में कारोबारी की लाश मिलने से हड़कंप मच गया है. मृतक की पहचान बिजनेसमैन दीपक कुमार मित्तल के रूप में हुई है. जो कि छत्तीसगढ़ के रायपुर के रहने वाले हैं. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, 56 साल के दीपक मित्तल दो दिन पहले चंडीगढ़ के इस नामी होटल में रुके थे. 21 अक्तूबर को जब जब वेटर रूम में गया तो उन्होंने दीपक को बेसुध पाया. इस पर दीपक को अस्पताल ले जाया गया और वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. दीपक की मौत कैसे और किन हालात में हुई, इसको लेकर पुलिस जांच में लगी है. शुरुआती जांच में किसी भी तरह से कोई इंजुरी या फाउल प्ले पुलिस को नहीं मिला है. फिलहाल चंडीगढ़ पुलिस की फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची है और जांच कर रही है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दीपक मित्तल बड़ा बिजनेसमैन है और पंजाब में जो राशन किट सरकार बनाती है, उसका वह सबसे बड़ा ठेकेदार है, इसकी अपनी राइस मिले भी है और यह काफी रसूखदार है. बताया जा रहा कि चंडीगढ़ में मार्कफेड की बड़ी मीटिंग होने वाली थी और उसी में हिस्सा लेने के लिए दीपक आया था.
पुलिस के मुताबिक, कमरे में शराब मिली है और कुछ दवाइयां भी मिली है. हालांकि, पुलिस से मानकर चल रही है कि ज्यादा शराब पीने की वजह से मौत हुई है, लेकिन सारी जानकारी पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगी. उधर, चंडीगढ़ पुलिस ने किसी लड़की को डिटेन करने से इनकार किया है और कहा कि मामले में किसी लड़की का कोई रोल नहीं है.