शिमला के जुब्बल में युवक के हत्याकांड की गुत्थी सुलझी, विदेश भागने की फिराक में थे दो आरोपी, टूटीकांड बस स्टैंड से गिरफ्तार

शिमला के जुब्बल में युवक के हत्याकांड की गुत्थी सुलझी, विदेश भागने की फिराक में थे दो आरोपी, टूटीकांड बस स्टैंड से गिरफ्तार


Last Updated:

Shimla Murder Case: शिमला के जुब्बल में हुए धीरेन्द्र थापा हत्याकांड को पुलिस ने सुलझा लिया है. पुलिस ने नेपाल भागने की फिराक में घूम रहे दो नेपाली आरोपियों को शिमला के टूटीकंडी बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी लिफ्ट लेकर ठियोग पहुंचे थे.

Zoom

शिमला पुलिस जांच में सामने आया कि घटना से पहले मृतक और दोनों आरोपी एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे.

शिमला. हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से करीब 80 किमी दूर   जुब्बल के दोची मोड़ के पास हुए मर्डर केस को पुलिस ने सुलझा लिया है. शिमला पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-705 पर हुए हत्याकांड  में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या के आरोपी नेपाली युवकों को शिमला के टूटीकंडी बस स्टैंड से पकड़ा गया. दोनों आरोपी कथित तौर पर नेपाल भागने की फिराक में थे. पुलिस मामले की आगामी जांच में जुटी है.

पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 की रात साहिल नामक शिकायतकर्ता अपने साथियों के साथ हाटकोटी से मंडोल की ओर जा रहे थे. इसी दौरान दोची के समीप सड़क किनारे एक व्यक्ति खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला. सूचना मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची, जहां व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया. घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान मुख्य सड़क से नीचे नाले की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर भी खून के निशान मिले. इसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका के आधार पर जांच शुरू की.

इस संबंध में पुलिस थाना जुब्बल में 19 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया. मृतक की पहचान 33 वर्षीय धीरेन्द्र थापा पुत्र भीम बहादुर, निवासी नेपाल, के रूप में हुई. वह गांव बाउली, डाकघर दोची, तहसील जुब्बल में मजदूरी करता था.

शराब पीने के दौरान हुआ था झगड़ा

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना से पहले मृतक और दोनों आरोपी एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान उनके बीच झगड़ा हो गया. पुलिस के अनुसार, झगड़े के बाद धीरेन्द्र थापा की मौत हो गई. आरोप है कि इसके बाद दोनों आरोपियों ने शव को राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे छोड़ दिया, ताकि घटना सड़क दुर्घटना लगे.

मोबाइल बंद कर भागने की कोशिश

पुलिस से बचने के लिए दोनों आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए और क्षेत्र से निकलने का प्रयास किया. पुलिस के मुताबिक, दोनों पहले खड़ापत्थर पहुंचे और वहां से एक पिकअप वाहन में लिफ्ट लेकर ठियोग के समीप पहुंचे. पुलिस की नाकाबंदी के चलते उन्होंने रात जंगल में बिताई. इसके बाद वे शिमला से नेपाल भागने की तैयारी में थे. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय स्तर पर सूचनाएं जुटाईं. जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को शिमला के ISBT में गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूर्य दमाई उर्फ अनिश (27), निवासी जिला गुल्मी, नेपाल, और सुमन खड़का (27), निवासी जिला सल्यान, नेपाल के रूप में हुई है. दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है.



Source link