Last Updated:
स्मृति ईरानी का पॉपुलर शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ ऑफ एयर हो गया है. इस मौके पर स्मृति ईरानी और एकता कपूर काफी इमोशनल नजर आईं. दोनों के इमोशन्स छलक उठे. एकता ने पोस्ट शेयर कर कहा कि कुछ लोगों को अलविदा कहना बहुत मुश्किल होता है लेकिन उन्हें उम्मीद है कि वो दोबारा मिलेंगे.
ऑफ एयर हुआ शो.
नई दिल्ली. टीवी के सबसे चर्चित शोज में शामिल रहा ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2′ खत्म हो गया है. शो के ऑफ एयर होने पर एक्ट्रेस स्मृति ईरानी ने इमोशनल पोस्ट शेयर किया. तुलसी के किरदार में एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटीं स्मृति ने शो से जुड़ी अपनी यादों को साझा करते हुए इस पूरे सफर को भावनाओं से भरी ‘रोलर कोस्टर राइड’ बताया. उन्होंने कहा कि इस दौरान टीम ने कई ऐसे खास पल साथ बिताए, जिनकी यादें लंबे समय तक उनके साथ रहेंगी.
स्मृति ईरानी ने शो से जुड़े कुछ यादगार पलों की झलक भी सोशल मीडिया पर शेयर की. उन्होंने बताया कि इस सफर में जहां कई नई यादें बनीं, वहीं वर्षों पुरानी कहानियां और अनुभव भी एक बार फिर ताजा हो गए. उनके मुताबिक शो के दौरान जिंदगी के जाने-पहचाने पहलुओं के साथ कुछ नई चीजों को भी करीब से देखने और महसूस करने का मौका मिला.
स्मृति ईरानी के छलके जज्बात
अपने पोस्ट में स्मृति ने इस बात की ओर भी इशारा किया कि शो भले ही खत्म हो रहा हो, लेकिन इससे जुड़ी यादें और कहानियां कलाकारों तथा दर्शकों के बीच लंबे समय तक बनी रहेंगी. उन्होंने भावुक अंदाज में लिखा कि इस सफर के दौरान टीम ने मिलकर कुछ ऐसे छोटे-छोटे पल बनाए हैं, जिन्हें पर्दा गिरने के बाद भी सहेजकर रखा जाएगा. पोस्ट के आखिर में उन्होंने ‘हम हैं राही प्यार के, फिर मिलेंगे चलते-चलते’ लिखते हुए इस सफर को अलविदा कहा.
एकता कपूर ने भी लिखा भावुक नोट
इससे पहले शो की प्रोड्यूसर एकता कपूर ने भी ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के आखिरी एपिसोड को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं जाहिर की थीं. एकता ने बताया कि इस शो की उनके करियर और जिंदगी में बेहद खास जगह है. उन्होंने माना कि ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ ने उन्हें उस मुकाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई, जहां वह आज हैं.
एकता ने अपने पोस्ट में बताया कि नए सीजन को शुरुआत में 167 एपिसोड तक चलाने की योजना थी, लेकिन बाद में इसका सफर 450 एपिसोड तक पहुंच गया. शो को विदाई देते हुए उन्होंने इसके लिए अपना प्यार जाहिर किया और दोबारा मिलने की उम्मीद भी जताई.