Last Updated:
भारतीय जनता पार्टी की युवा इकाई में कई नेताओं को नई जिम्मेदारी दी गई है. कई नेताओं का पद और कद बढ़ाया गया है. इनमें बिहार के भी कई नाम हैं. बिहार के अलावा जिन नेताओं को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है उनमें झारखंड से लेकर उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से आने वाले युवा नेता हैं. बिहार से विधायक मैथिली ठाकुर और विनीत कुशवाहा सहित राज राजेंद्र सिंह, राहुल झा, हिमांशु यादव और मानवेंद्र चौहान को भी नया पद दिया गया है.
पटना: बीजेपी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों के नाम की घोषणा की गई है. इन नई नियुक्ति में बिहार से विधायक मैथिली ठाकुर और विनीत कुशवाहा को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया गया है. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय पदाधिकारियों सहित कई पदों पर नियुक्तियां की गई हैं. इन नियुक्तियों में बिहार से लेकर झारखंड और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है.
नितिन नवीन ने सात राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, सात राष्ट्रीय मंत्री और तीन राष्ट्रीय महामंत्री बनाए हैं. इनमें बिहार के राज राजेंद्र सिंह को बीजेपी युवा मोर्चा (BJYM) का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. बिहार के राहुल झा बीजेपी युवा मोर्चा (BJYM) के राष्ट्रीय मंत्री बनाए गए हैं. बिहार के ही हिमांशु यादव बीजेपी युवा मोर्चा (BJYM) के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी बनाए गए हैं. बिहार से आने वाले मानवेंद्र चौहान बीजेपी युवा मोर्चा (BJYM) के राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह प्रभारी बनाए गए हैं.
इनके अलावा बीजेपी ने राष्ट्रीय युवा मोर्चा के जिन अन्य पदाधिकारियों की घोषणा की है उनमें उत्तर प्रदेश से निखिल मणि तिवारी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं औऱ हर्षवर्धन सिंह राष्ट्रीय महामंत्री बनाए गए हैं. झारखंड के अमन यादव बीजेपी युवा मोर्चा (BJYM) के राष्ट्रीय मंत्री बनाए गए हैं.
इन्हें बनाया गया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
अन्य पदाधिकारियों में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष में जम्मू कश्मीर से विधायक शगुन परिहार, नागालैंड से अरविंद दमानी, तेलांगाना से मालोथ कोमल नाइक, पश्चिम बंगाल विधायक से सौमेन करफा और छत्तीसगढ़ से भूपेंद्र नाग को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है.
इन्हें बनाया गया राष्ट्रीय महामंत्री
जिन नेताओं को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है उनमें अर्पिता अपराजिता बदजेना हैं जो ओडिशा से आती हैं. हर्ष वर्धन सिंह उत्तर प्रदेश से आते हैं और राष्ट्रीय महामंत्री बनाए गए हैं. आंध्र प्रदेश के मित्त वामशी कृष्णा को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है.
उत्तर प्रदेश के विनीत वत्स त्यागी को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है. राजस्थान के देवव्रत सिंह राजावत को राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है. दिल्ली की शिवानी सिंह और विषु बसोया के साथ हिमाचल प्रदेश के अतुल ठाकुर को मीडिया सह-प्रभारी बनाया गया है. दिल्ली की अपूर्वा सिंह को सोशल मीडिया की जिम्मेदारी दी गई है.