सांसद को कार से कुचलने की कोशिश, बचाने के लिए काटना पड़ा पैर, हालत अब भी गंभीर
Last Updated:
Australia MP Critical Condition: ऑस्ट्रेलिया की निर्दलीय सांसद हेलेन हेंस पर जानलेवा हमला किया गया है. इससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गई हैं और उनका एक पैर काटना पड़ गया है. उनका इलाज अब भी जारी है लेकिन हमलावर के मंसूबों के बारे में पता नहीं चला है.
ऑस्ट्रेलिया की एमपी को कार से कुचला. (रॉयटर्स)
Australia MP Critical Condition: ऑस्ट्रेलिया की निर्दलीय सांसद हेलेन हेन्स पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपनी कार से उन्हें जानबूझकर दो बार टक्कर मारी. इस घटना में 65 वर्षीय सांसद के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं. डॉक्टरों को उनकी जान बचाने के लिए एक पैर काटना पड़ा, जबकि दूसरे पैर को बचाने के लिए इलाज किया जा रहा है. घटना के बाद ऑस्ट्रेलिया में जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
द सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना 19 अक्टूबर को विक्टोरिया राज्य के वांगाराटा शहर में हेलेन हेन्स के निर्वाचन क्षेत्र कार्यालय के बाहर हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक टोयोटा लैंडक्रूजर कार ने पहले सांसद को टक्कर मारी. इसके बाद चालक ने कार को घुमाकर दोबारा उनकी ओर बढ़ाया. दूसरी टक्कर के बाद हेन्स कार के नीचे दब गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं.
हेलीकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया
घटना के तुरंत बाद हेन्स को हेलीकॉप्टर की मदद से मेलबर्न के अल्फ्रेड अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उनकी इमरजेंसी सर्जरी की. उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है. फिलहाल उनके दूसरे पैर को बचाने के लिए इलाज किया जा रहा है. ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने इस घटना पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि शुरुआती जानकारी से यह सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि जानबूझकर किया गया हमला लगता है. हालांकि हमले के पीछे की असली वजह अभी सामने नहीं आई है.
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही जांच
- पुलिस ने इस मामले में 43 वर्षीय ब्रेंडन नूजंट को घटनास्थल से गिरफ्तार किया है. बताया गया है कि आरोपी के पास से एक चाकू भी बरामद हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के आने तक उसे रोके रखा.
- आरोपी के परिवार ने मंगलवार को बयान जारी कर घटना पर दुख जताया. परिवार ने कहा कि हेन्स पिछले 20 वर्षों से उनके मित्रों में शामिल रही हैं और उनके साथ हुई इस घटना से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है.
- आरोपी के पिता रॉड नूजंट और उनकी साथी क्रिस्टीन कनिंघम ने पुलिस को हर संभव सहयोग देने की बात कही है. आरोपी के व्यवहार को लेकर उसका परिवार पिछले कुछ महीनों से चिंतित था. हालांकि पुलिस ने अभी तक हमले के पीछे की वजह की पुष्टि नहीं की है.
2019 से सांसद हैं हेलेन हेन्स
हेलेन हेन्स पहली बार 2019 में ऑस्ट्रेलिया की संघीय संसद के लिए चुनी गई थीं. इसके बाद 2022 और 2025 में भी उन्होंने चुनाव जीता. वह इंडी निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं और अपने क्षेत्र के लोगों से जुड़े मुद्दे उठाने के लिए जानी जाती हैं. प्रधानमंत्री अल्बनीज ने उनके प्रति समर्थन जताया है. पुलिस के मुताबिक फिलहाल इस घटना को अलग-थलग मामला माना जा रहा है और आम लोगों के लिए किसी अतिरिक्त खतरे की जानकारी नहीं है.