UPSC CDS 2 Result 2026: भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना में अफसर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा यानी CDS-2 2026 की लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है. इस परीक्षा में 8,956 उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए सफल घोषित किया गया है हालांकि लिखित परीक्षा पास करने का मतलब यह नहीं है कि उम्मीदवारों का सेना में अफसर बनने के लिए अंतिम चयन हो गया है. अब उन्हें सेवा चयन बोर्ड यानी SSB इंटरव्यू की प्रक्रिया से गुजरना होगा. इसके साथ ही उम्मीदवारों को अपने शैक्षणिक और अन्य जरूरी दस्तावेज भी तैयार रखने होंगे. अलग-अलग सैन्य अकादमियों के लिए दस्तावेज जमा करने की अंतिम तारीख भी अलग तय की गई है. आइए जानते हैं कि सीडीएस-2 का रिजल्ट कहां देख सकते हैं, SSB इंटरव्यू के लिए क्या करना होगा और अंतिम चयन की प्रक्रिया कैसे पूरी होगी.
जारी हुआ CDS-2 का रिजल्ट
संघ लोक सेवा आयोग ने संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा-द्वितीय (Combined Defence Services Examination-II) की लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित किया.यह परीक्षा 13 सितंबर 2026 को आयोजित की गई थी.परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार लंबे समय से अपने परिणाम का इंतजार कर रहे थे. अब आयोग ने सफल उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है.इस सूची में कुल 8,956 उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए योग्य घोषित किया गया है. उम्मीदवार अपना रिजल्ट यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर देख सकते हैं.
नाम नहीं, रोल नंबर से चेक करें अपना रिजल्ट
यूपीएससी ने सीडीएस-2 की लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों की सूची पीडीएफ के रूप में जारी की है.इस पीडीएफ में उम्मीदवारों के रोल नंबर दिए गए हैं.इसलिए परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों को अपना एडमिट कार्ड या रोल नंबर सामने रखकर परिणाम देखना चाहिए.अगर किसी उम्मीदवार का रोल नंबर सफल अभ्यर्थियों की सूची में शामिल है तो वह भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होने के लिए योग्य है हालांकि यह परिणाम केवल लिखित परीक्षा का है. अंतिम चयन अभी बाकी है.
CDS-2 रिजल्ट 2026 कैसे चेक करें?
सीडीएस-2 की लिखित परीक्षा का परिणाम देखने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले संघ लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा.वेबसाइट के होमपेज पर लिखित परीक्षा के परिणाम से संबंधित सेक्शन में जाएं.यहां Combined Defence Services Examination (II) 2026 के रिजल्ट से जुड़ा लिंक खोजें.लिंक पर क्लिक करने के बाद सफल उम्मीदवारों की पीडीएफ सूची खुलेगी.इस पीडीएफ में अपना रोल नंबर सर्च करें.अगर रोल नंबर सूची में मौजूद है, तो इसका मतलब है कि आप लिखित परीक्षा में सफल हो गए हैं.उम्मीदवार भविष्य की जरूरत के लिए रिजल्ट पीडीएफ डाउनलोड करके अपने पास सुरक्षित रख सकते हैं.
लिखित परीक्षा पास करने के बाद क्या होगा?
सीडीएस-2 की लिखित परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों के लिए अब सबसे महत्वपूर्ण चरण SSB इंटरव्यू होगा.SSB का पूरा नाम सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड यानी सेवा चयन बोर्ड है.इस प्रक्रिया में उम्मीदवारों का मूल्यांकन सैन्य अधिकारी बनने के लिए जरूरी क्षमताओं के आधार पर किया जाता है.लिखित परीक्षा में सफल घोषित उम्मीदवारों को संबंधित सेवा की चयन प्रक्रिया के अनुसार SSB इंटरव्यू में शामिल होना होगा.यह प्रक्रिया रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत संबंधित सैन्य सेवाओं की ओर से आयोजित की जाती है.उम्मीदवारों को इंटरव्यू से संबंधित सूचना और बुलावा पत्र के लिए आधिकारिक भर्ती पोर्टल पर नजर रखनी होगी.
किन सैन्य अकादमियों के लिए होगा चयन?
सीडीएस-2 परीक्षा के जरिए भारतीय सशस्त्र बलों की अलग-अलग प्रशिक्षण अकादमियों में प्रवेश के लिए उम्मीदवारों का चयन किया जाता है.इस भर्ती प्रक्रिया में कुल पांच प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शामिल हैं.इनमें भारतीय सैन्य अकादमी (IMA), देहरादून और भारतीय नौसेना अकादमी (INA), एझिमाला शामिल हैं.इसके अलावा वायु सेना अकादमी (AFA), हैदराबाद के लिए भी उम्मीदवारों का चयन किया जाता है.अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी (OTA) चेन्नई में पुरुष और महिला उम्मीदवारों के लिए अलग-अलग पाठ्यक्रम शामिल हैं.इस तरह लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवार अपनी पात्रता और चयन प्रक्रिया के अनुसार संबंधित अकादमी के अगले चरण में शामिल होंगे.
SSB इंटरव्यू के लिए रजिस्ट्रेशन कैसे करें?
लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को SSB इंटरव्यू से जुड़ी प्रक्रिया समय रहते पूरी करनी होगी.खासकर जिन उम्मीदवारों ने सीडीएस आवेदन के समय भारतीय सेना को अपनी पहली प्राथमिकता दी थी, उन्हें भारतीय सेना के भर्ती पोर्टल पर पंजीकरण की स्थिति जांचनी होगी.इसके लिए उम्मीदवार joinindianarmy.nic.in पर जा सकते हैं.यहां अपनी यूजर प्रोफाइल और रजिस्ट्रेशन की स्थिति देखें.अगर उम्मीदवार का पहले से पंजीकरण है तो उसे नया अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं है.जिनका पंजीकरण पूरा नहीं है उन्हें आधिकारिक निर्देशों के अनुसार प्रक्रिया पूरी करनी होगी.SSB इंटरव्यू की तारीख, स्थान और कॉल लेटर से संबंधित जानकारी के लिए उम्मीदवारों को संबंधित पोर्टल पर जारी सूचना देखनी चाहिए.
SSB इंटरव्यू के लिए किन दस्तावेजों की जरूरत होगी?
सीडीएस-2 की लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अभी से अपने जरूरी दस्तावेज तैयार रखने चाहिए.इनमें सबसे महत्वपूर्ण आयु प्रमाण और शैक्षणिक योग्यता से संबंधित मूल दस्तावेज हैं.उम्मीदवारों को अपनी जन्मतिथि और शैक्षणिक योग्यता साबित करने वाले प्रमाणपत्र तैयार रखने होंगे.अगर किसी उम्मीदवार के मामले में राष्ट्रीय कैडेट कोर यानी NCC का प्रमाणपत्र लागू होता है तो उसे भी तैयार रखना होगा.दस्तावेज जमा करने की अंतिम तारीख अलग-अलग अकादमियों के लिए अलग निर्धारित की गई है.इसलिए उम्मीदवारों को अपनी संबंधित अकादमी के अनुसार अंतिम तारीख और दस्तावेज भेजने के पते की पुष्टि आधिकारिक निर्देशों से करनी चाहिए.