ग्रहों के राजकुमार बुध चलेंगे उल्टी चाल, दीवाली तक संभलकर रहें ये 4 राशि वाले
Last Updated:
Budh Vakri 2026: बुध के वक्री होने के बाद चार राशि के जातकों को सावधानी बरतने की जरूरत है. स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियां उभर सकती हैं. व्यापार में अपेक्षित लाभ की जगह नुकसान हो सकता है. मानसिक तनाव और अनावश्यक चिंता बढ़ सकती है.
उज्जैन. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, अक्टूबर के आखिरी दिनों में बुध की चाल में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. ज्योतिषीय गणना के अनुसार, 24 अक्टूबर को बुध तुला राशि में वक्री होने जा रहे हैं. ज्योतिष शास्त्र में बुध को बुद्धि, वाणी, व्यापार और संवाद का कारक ग्रह माना गया है. ऐसे में उनकी चाल में होने वाला यह परिवर्तन नौकरी, कारोबार और व्यक्तिगत रिश्तों पर असर डाल सकता है. खास बात यह है कि बुध की वक्री चाल दीवाली से पहले शुरू होगी, जब बाजारों में खरीदारी और आर्थिक गतिविधियां तेज रहेंगी. ऐसे समय में व्यापारियों को लेनदेन, भुगतान और जरूरी दस्तावेजों में सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है. उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, चार राशि के जातकों को पुराने निर्णयों पर दोबारा विचार करने का अवसर मिल सकता है.
इन चार राशियों को रहना होगा सतर्क
मेष- इस राशि के जातकों को संयम और समझदारी से आगे बढ़ना होगा. साझेदारी से जुड़े मामलों में जल्दबाजी करने से बचें और कोई भी कारोबारी फैसला लेने से पहले सभी शर्तों को अच्छी तरह परख लें. वहीं निजी जीवन में पुरानी किसी बात को लेकर मनमुटाव हो सकता है. ऐसे में गुस्से से काम बिगड़ सकता है, इसलिए बातचीत और धैर्य से रिश्तों में मधुरता बनाए रखने का प्रयास करें.
मिथुन- इस राशि के स्वामी बुध ग्रह माने जाते हैं, इसलिए बुध की चाल में होने वाला परिवर्तन इस राशि के जातकों के जीवन पर विशेष प्रभाव डाल सकता है. कार्यक्षेत्र में नई परिस्थितियां सामने आ सकती हैं. नौकरीपेशा लोगों को जरूरी कागजात और कारोबारी समझौतों को अच्छी तरह जांचने के बाद ही आगे बढ़ना चाहिए. किसी पुरानी योजना में बदलाव की जरूरत पड़े, तो धैर्य रखें और सोच-समझकर फैसला लें.
कन्या- इस राशि के जातकों को इस दौरान आर्थिक मामलों में सतर्कता बरतने की जरूरत होगी. धन से जुड़ा कोई भी फैसला जल्दबाजी में लेने से बचें. किसी व्यक्ति को उधार देने या किसी योजना में पैसा लगाने से पहले अच्छी तरह जांच-पड़ताल कर लें. इसके अलावा जरूरी संदेश भेजते समय और महत्वपूर्ण दस्तावेजों पर काम करते हुए सावधानी रखें. छोटी सी लापरवाही परेशानी बढ़ा सकती है, इसलिए सोच-समझकर कदम उठाएं.
तुला- बुध के वक्री होने से तुला राशि के जीवन में कुछ पुराने मामले फिर से सामने आ सकते हैं. किसी ऐसे विषय पर दोबारा चर्चा होने की संभावना है, जिसे आप पहले ही पीछे छोड़ चुके हैं. नौकरी और व्यापार से जुड़े लोगों को कोई भी बड़ा निर्णय जल्दबाजी में लेने से बचना चाहिए. हर पहलू को अच्छी तरह समझें. वहीं प्रेम और पारिवारिक रिश्तों में पारदर्शिता बनाए रखें ताकि छोटी गलतफहमियां बढ़ने से पहले सुलझ जाएं.
इन उपायों से मिलेगी राहत
इन चारों राशियों के जातकों को चाहिए कि वे हर बुधवार को भगवान गणेश की पूजा करें और उन्हें दूर्वा अर्पित करें. हरे वस्त्र या हरी मूंग का दान करना शुभ रहेगा. ‘ॐ बुं बुधाय नमः’ मंत्र का 108 बार जाप करें. किसी भी निवेश या बड़े फैसले में जल्दबाजी न करें. वाणी पर संयम रखें और जरूरतमंदों की सहायता करें. इससे नकारात्मक प्रभावों में कमी आ सकती है.