MP Weather Today: कहीं धूप तो कहीं बारिश, भोपाल-इंदौर में येलो अलर्ट, आज कैसा रहेगा मध्य प्रदेश का मौसम?

MP Weather Today: कहीं धूप तो कहीं बारिश, भोपाल-इंदौर में येलो अलर्ट, आज कैसा रहेगा मध्य प्रदेश का मौसम?


जबलपुर. मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद भी कुछ दिन बारिश देखने को मिली लेकिन फिर मौसम सामान्य हो गया था. अब एक बार फिर आंधी-बारिश हो रही है. एक ओर कुछ जिलों में धूप खिल रही है, तो कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो रही है. वहीं बदलता मौसम शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी प्रभावित कर रहा है. भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज 20 अक्टूबर 2026, दिन मंगलवार को भी मौसम का मिजाज मिलाजुला रहेगा. कहीं धूप खिलेगी, तो कहीं बारिश होगी. आज 26 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. IMD ने भोपाल, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, शिवपुरी, अशोकनगर, सागर, रायसेन, विदिशा, गुना, राजगढ़, आगर-मालवा, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन, इंदौर, धार, देवास, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर और बैतूल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इन जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन/वज्रपात और हल्की बरसात हो सकती है. वहीं 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा भी चल सकती है. मौसम विभाग ने प्रभावित जिलेवासियों से सतर्क रहने की अपील की है.

IMD के अनुसार, मध्य प्रदेश के मौसम को इस समय दो अलग-अलग मौसम प्रणालियां प्रभावित कर रही हैं. इनमें दक्षिण-पश्चिम अरब सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र और पंजाब-हिमाचल प्रदेश के ऊपर एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ शामिल हैं. इनके प्रभाव से राज्य के मध्य-पश्चिमी हिस्से में बादलों ने डेरा डाला हुआ है. अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के मध्य-पश्चिमी जिलों में इसका असर बना रहेगा, जिसके चलते आंधी-बारिश का दौर देखने को मिलेगा.

भोपाल में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी भोपाल में आज धूप खिलने की संभावना कम है. बादल छाए रहेंगे. कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं. 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलेगी. बीते दिन भी भोपाल के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई थी. आज इंदौर और उज्जैन में भी भोपाल की तरह ही मौसम देखने को मिलेगा. पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस खंडवा में दर्ज किया गया, तो सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस छिंदवाड़ा में रिकॉर्ड हुआ.

बदलते मौसम में सेहत का रखें ध्यान
1. मौसम में बदलाव के दौरान स्वस्थ रहने के लिए अपने दैनिक आहार में मौसमी फल, ताजी हरी सब्जियां और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों को शामिल करें.

2. बदलते मौसम के मिजाज और दैनिक गतिविधियों के साथ अपने शरीर को आसानी से ढालने के लिए निश्चित नींद का समय निर्धारित करें और पर्याप्त आराम करें.

3. दोपहर के समय बाहर रहने के दौरान चश्मे, टोपी या छाते का उपयोग करें और सनस्क्रीन लगाएं.

4. दिन के समय ठंडक बनाए रखने के लिए हल्के, हवादार और आरामदायक सूती कपड़े पहनें. सुबह-शाम की हल्की ठंड के लिए अपने पास एक हल्की चादर या जैकेट रखें.

5. मानसून के बाद तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए खासकर सुबह और शाम के समय मच्छर भगाने वाली क्रीम, जाली या मच्छरदानी का उपयोग करें.

6. दिल की बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों को ठंड के मौसम में अपनी सेहत पर खास ध्यान देना चाहिए. वे नियमित रूप से अपना ब्लड प्रेशर चेक करते रहें और हृदय के लिए स्वस्थ आहार का सेवन और योग, व्यायाम आदि करते रहें.

7. बदलते मौसम के मद्देनजर भारतीय मौसम विभाग (IMD) की आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें. मौसम के पूर्वानुमान और अलर्ट पर नजर बनाए रखें.



Source link