दिल्ली मेट्रो: पश्चिम एशिया से लेकर अफ्रीका तक सर्विस देने की तैयारी, 5 ग्लोबल टेंडर जीतकर दुनिया में मचाई हलचल

दिल्ली मेट्रो: पश्चिम एशिया से लेकर अफ्रीका तक सर्विस देने की तैयारी, 5 ग्लोबल टेंडर जीतकर दुनिया में मचाई हलचल


दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी दिल्ली मेट्रो इंटरनेशनल लिमिटेड (DMIL) अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी विशेषज्ञता का विस्तार करने जा रही है. DMIL बर्लिन में आयोजित होने वाले InnoTrans 2026 में पहली बार वैश्विक स्तर पर अपनी क्षमताओं को प्रदर्शित करेगी.

InnoTrans दुनिया का प्रमुख रेल परिवहन व्यापार मेला है, जो हर दो साल में जर्मनी के बर्लिन में आयोजित होता है. यहां DMIL ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस (O&M), कंसल्टेंसी, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट और एडवाइजरी सर्विसेज से जुड़ी अपनी विशेषज्ञता पेश करेगी.

तीन महीने में 5 अंतरराष्ट्रीय टेंडर में बोली
DMIL ने अंतरराष्ट्रीय कारोबार के विस्तार की दिशा में पिछले तीन महीनों में पांच अंतरराष्ट्रीय टेंडर में बोली जमा की है. कंपनी की नजर पश्चिम एशिया और चुनिंदा यूरोपीय बाजारों पर है. आने वाले समय में उत्तरी अमेरिका के अवसरों का भी आकलन किया जाएगा. अफ्रीका में स्थानीय कंपनियों के साथ साझेदारी और केंद्र सरकार के सहयोग से संभावनाएं तलाशने की योजना है.

DMIL के CEO संजय जमुआर ने कहा कि InnoTrans 2026 DMRC और DMIL की विशेषज्ञता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है. कंपनी दुनिया भर के ट्रांजिट प्राधिकरणों, इंफ्रास्ट्रक्चर पार्टनर्स और मोबिलिटी क्षेत्र के विशेषज्ञों के साथ साझेदारी की संभावनाएं तलाशेगी.

दिल्ली मेट्रो के अनुभव को दुनिया तक ले जाएगी DMIL
DMIL मेट्रो, रेल और शहरी परिवहन परियोजनाओं के लिए फीजिबिलिटी स्टडी, प्लानिंग, निर्माण क्रियान्वयन, टेस्टिंग, कमीशनिंग, संचालन, रखरखाव, एसेट मैनेजमेंट और क्षमता निर्माण तक सेवाएं देने पर फोकस करेगी. दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क 416 किलोमीटर से ज्यादा, 300 से अधिक स्टेशनों वाला है और इसमें रोजाना करीब 65 लाख पैसेंजर बोर्डिंग होती हैं. DMIL इसी अनुभव और परिचालन विशेषज्ञता को अंतरराष्ट्रीय परियोजनाओं में इस्तेमाल करने की तैयारी कर रही है.

बर्लिन में Hall 7.2C, Stand 240 पर होगा DMIL
InnoTrans 2026 में DMIL Hall 7.2C, Stand 240 पर मौजूद रहेगी. कंपनी यहां सरकारी एजेंसियों, इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों, फंडर्स, डेवलपर्स और अन्य वैश्विक हितधारकों के साथ बातचीत करेगी. इस साल InnoTrans में रेल परिवहन को बदलने वाली तकनीकों पर भी फोकस रहेगा, जिसमें ऑटोनॉमस पब्लिक ट्रांसपोर्ट, साइबर सिक्योरिटी, रोबोटिक्स, 3D प्रिंटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीकें शामिल हैं.



Source link