Ratlam: लव मैरिज से नाराज ससुर ने दामाद को गोली मारी! बेटी ने पिता पर लगाए गंभीर आरोप


Last Updated:

रतलाम के स्टेशन रोड क्षेत्र में लव मैरिज से नाराज ससुर पर अपने दामाद को गोली मारने का आरोप लगा है. दाहोद से लौटते समय फ्रीगंज बायपास रोड पर सुनील की पीठ में गोली मारी गई. गंभीर रूप से घायल सुनील को रतलाम के मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Top Deals Inside

लव मैरिज से नाराज ससुर ने दामाद को गोली मारी! बेटी ने पिता पर लगाए गंभीर आरोपZoom

रतलाम में पति को गोली लगने पर पत्नी ने अपने पिता पर लगाए गंभीर आरोप.

Ratlam News: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में प्रेम विवाह से नाराजगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. स्टेशन रोड क्षेत्र में एक ससुर पर अपने ही दामाद को गोली मारने का गंभीर आरोप लगा है. पीड़ित युवक की पहचान सुनील प्रजापत के रूप में हुई है. इस हमले में युवक की पीठ में गोली लगी है. घटना के तुरंत बाद घायल युवक को इलाज के लिए रतलाम के मेडिकल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.

दाहोद से लौटते समय हमला
जानकारी के अनुसार, घायल सुनील प्रजापत गुजरात के दाहोद से रतलाम आया था. वह रेलवे स्टेशन से अपनी एक्टिवा गाड़ी पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था. जब वह फ्रीगंज बायपास रोड के सुनसान इलाके से गुजर रहा था, तभी अचानक उस पर गोली चला दी गई. गोली लगते ही सुनील वहीं गिर पड़ा और आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया.

पत्नी निधि ने पिता पर लगाया आरोप
घायल सुनील की पत्नी निधि ने अपने ही पिता पर पति को गोली मारने का आरोप लगाया है. निधि का कहना है कि दोनों ने लगभग पांच से छह महीने पहले ही अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया था. इस लव मैरिज से उसके पिता काफी समय से नाराज चल रहे थे. निधि के अनुसार, विवाह के बाद भी उसके पिता ने उनके साथ मारपीट की थी, जिसकी शिकायत और आवेदन पुलिस को पहले भी दिया जा चुका था.

पीठ में लगी गोली, अस्पताल में इलाज जारी
गोली चलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए. सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से घायल सुनील प्रजापत को रतलाम के मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया. जांच के दौरान युवक की पीठ में गोली लगने की बात सामने आई है.

पुलिस कर रही घटना की जांच
घटना के बाद पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है. रेलवे पुलिस के जांच अधिकारी नौशाद खान ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की पड़ताल कर रही है. पुलिस टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर घटनाक्रम की जांच कर रही है.



Source link