Last Updated:
झालावाड़ नगर परिषद सभापति के चुनाव से ठीक एक दिन पहले सियासी पारा पूरी तरह गरमा गया है. कल होने वाली वोटिंग से पहले कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गुर्जर ने एक सनसनीखेज वीडियो जारी कर बड़ा धमाका कर दिया है. उनका सीधा आरोप है कि जिस गुप्त जगह पर कांग्रेस पार्षदों की बाड़ेबंदी की गई है, वहां होटल के आसपास आपराधिक प्रवृत्ति के लोग लगातार चक्कर काट रहे हैं. कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गुर्जर का दावा है कि बीती रात से ही होटल के बाहर बिना नंबर की संदिग्ध गाड़ियां देखी जा रही हैं.
झालावाड़. झालावाड़ नगर परिषद सभापति चुनाव से ठीक एक दिन पहले सियासी हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गुर्जर ने पार्षदों की बाड़ेबंदी में सेंध लगाने की कोशिश के गंभीर आरोप लगाए हैं. सोमवार को सभापति पद के लिए मतदान होना है. इससे पहले इस तरह के आरोपों ने चुनावी पारा बढ़ा दिया है.
कांग्रेस जिलाध्यक्ष का आरोप है कि होटल के बाहर बिना नंबर की गाड़ियों में संदिग्ध लोग घूम रहे हैं और कांग्रेस पार्षदों पर नजर रखी जा रही है. उन्होंने पार्षदों को धमकाए जाने की आशंका भी जताई है. हालांकि, उन्होंने अपने आरोपों में किसी भी राजनीतिक दल का नाम नहीं लिया.
होटल के बाहर रैकी का आरोप
झालावाड़ में नगर परिषद सभापति चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने पार्षदों की बाड़ेबंदी कर रखी है. कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गुर्जर ने एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि अज्ञात स्थान पर होटल में ठहरे कांग्रेस पार्षदों पर लगातार नजर रखी जा रही है.
गुर्जर के मुताबिक, कल रात से ही बिना नंबर की गाड़ियां होटल के आसपास दिखाई दे रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इन गाड़ियों में आपराधिक प्रवृत्ति के लोग सवार हैं, जो होटल की रैकी कर रहे हैं और पार्षदों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं.
पार्षदों को धमकाने के आरोप
कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गुर्जर ने वीडियो में आशंका जताई कि अगर कांग्रेस के पार्षद होटल से बाहर निकलते हैं तो उन्हें धमकाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह की जानकारी मिली है. जिलाध्यक्ष ने किसी भी राजनीतिक दल को सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं ठहराया है.
कांग्रेस के पास बहुमत, बोर्ड बनाने की तैयारी
गौरतलब है कि झालावाड़ नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस को बहुमत मिलने की बात सामने आई है. ऐसे में पार्टी अपने पार्षदों को बाड़ेबंदी में रखकर नगर परिषद में बोर्ड बनाने की तैयारी कर रही है. अब सभापति चुनाव से ठीक पहले लगाए गए रैकी और सेंधमारी के आरोपों ने स्थानीय राजनीति को गरमा दिया है. कल होने वाले मतदान पर सभी की नजरें टिकी हैं.