Jhunjhunu Murder Case: झुंझुनूं में बेरहम बेटों की करतूत, पिता को मारकर गड्डे में दबाया,7 दिन बाद हुआ खुलासा


Last Updated:

Jhunjhunu Murder Case: झुंझुनूं के तारा का बास गांव में जुगल किशोर जांगिड़ हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है, पिता की हत्या कर शव गड्ढे में दबाने और पेट्रोल डालकर जलाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने दोनों बेटों को डिटेन किया है. करीब सात दिन बाद दुर्गंध आने पर आधा जला शव मिला, पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

झुंझुनूं में पिता की हत्या का मामला: शव गड्ढे में दबाया, जलाने का प्रयासZoom

झुंझुनूं. जिले के सुलताना थाना क्षेत्र के तारा का बास गांव में जुगल किशोर जांगिड़ हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है. पिता की हत्या कर शव को गड्ढे में दबाने और जलाने का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने मृतक के दोनों बेटों को डिटेन किया है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनों बेटों की भूमिका सामने आई है, फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है. हत्या के पीछे की वजह और घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर जांच जारी है.

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया है. मामले में मृतक के चचेरे भाई पवन कुमार की रिपोर्ट पर हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है. पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, जुगल किशोर जांगिड़ पहले मुंबई में रहकर फर्नीचर का काम करता था, उसके बेटे भी मुंबई में रहते थे. करीब एक साल पहले जुगल किशोर गांव लौट आया था, बताया जा रहा है कि शराब पीने के बाद गाली-गलौज करने की आदत को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था. 11 अक्टूबर को जुगल किशोर अपने परिजनों के साथ गांव के जीणमाता मंदिर गया था. वहां भी उसके नशे में गाली-गलौज करने की बात सामने आई है, इसके बाद घर में विवाद हुआ. पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद के दौरान जुगल किशोर की हत्या कर दी गई. हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.

मकान के पीछे गड्ढे में दबाया शव, पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास

प्रारंभिक जांच के अनुसार, हत्या के बाद शव को मकान के पीछे स्थित शामलाती जमीन पर गड्ढा खोदकर दबा दिया. शव के ऊपर खेजड़ी की लकड़ियां और घास डाल दी गई. इसके बाद पेट्रोल डालकर शव को जलाने का प्रयास किए जाने की आशंका है. शव करीब सात दिन तक गड्ढे में दबा रहा, इस दौरान कुत्तों के शव को बाहर खींचने और वहां से दुर्गंध आने के बाद मामला सामने आया. मकान के पीछे से दुर्गंध आने पर परिजनों ने चनाना पुलिस चौकी को सूचना दी, शुरुआत में किसी जानवर के मरने की आशंका जताई गई थी.

पुलिस ने मौके से जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलने पर चनाना चौकी प्रभारी नरेश मीणा टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जांच के दौरान मामला संदिग्ध लगने पर सुलताना थानाधिकारी रामनिवास को सूचना दी गई. रात में अंधेरा होने के कारण पुलिस ने मौके पर निगरानी रखी. अगली सुबह डीएसपी गौरव यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. दुर्गंध वाली जगह से घास हटाने पर गड्ढे में आधा जला शव मिला, इसके बाद एफएसएल और एमओबी टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. शव को चिड़ावा सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया. सुलताना थानाधिकारी रामनिवास ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक के दोनों बेटों की भूमिका सामने आने पर उन्हें डिटेन कर पूछताछ की जा रही है. वहीं, डीएसपी गौरव यादव के अनुसार, शव की हत्या कर उसे जलाने और गाड़ने की आशंका है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके.



Source link