Urmi Sinha IPS Story: बिहार की उर्मी सिन्हा का कमाल, 21 की उम्र में क्रैक किया UPSC, डॉक्टर की बिटिया बनी देश की सबसे युवा IPS

Urmi Sinha IPS Story: बिहार की उर्मी सिन्हा का कमाल, 21 की उम्र में क्रैक किया UPSC, डॉक्टर की बिटिया बनी देश की सबसे युवा IPS


नई दिल्ली (Urmi Sinha IPS Story). इरादे बुलंद हों और तैयारी सही दिशा में हो तो उम्र सिर्फ आंकड़ा बनकर रह जाती है. इस बात को सच कर दिखाया है बिहार की जड़ों से जुड़ी और पश्चिम बंगाल में पली-बढ़ी उर्मी सिन्हा ने. महज 21 साल की उम्र में अपने पहले ही प्रयास में देश की सबसे कठिन मानी जाने वाली संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा पास कर उर्मी सिन्हा ने इतिहास रच दिया है. उन्हें देश की सबसे युवा आईपीएस अधिकारी कहा जा रहा है.

17 अक्टूबर 2026 को तेलंगाना स्थित हैदराबाद की प्रतिष्ठित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA) में पासिंग आउट परेड हुई थी. इसमें 135 IPS अधिकारियों के बैच में उर्मी सिन्हा सबसे कम उम्र की अधिकारी बनकर उभरी हैं. संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया 170वीं रैंक हासिल करने वाली उर्मी सिन्हा अब आईपीएस के तौर पर आंध्र प्रदेश कैडर में अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार हैं. उनकी आईपीएस ट्रेनिंग पूरी हो चुकी है.

आईपीएस उर्मी सिन्हा कौन हैं?

आईपीएस उर्मी सिन्हा की जड़ें बिहार के मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर स्थित मारवाड़ी टोला से जुड़ी हैं. हालांकि, उनका परिवार बाद में पश्चिम बंगाल के हावड़ा में जाकर बस गया था. उर्मी के पिता डॉ. रंजीत सिन्हा हावड़ा के प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ (Paediatrician) हैं और मां कुशल गृहिणी हैं. उर्मी सिन्हा ने शुरुआती स्कूली पढ़ाई हावड़ा से ही पूरी की. इसके बाद कोलकाता के सेंट जेवियर्स कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस में बीए की डिग्री हासिल की. ग्रेजुएशन के तुरंत बाद यूपीएससी सीएसई की तैयारी शुरू कर दी थी.
Urmi Sinha UPSC Story: उर्मी सिन्हा ने ग्रेजुएशन के तुरंत बाद यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी थी

IPS उर्मी सिन्हा ने यूपीएससी की तैयारी कैसे की? 

लाखों उम्मीदवार UPSC की तैयारी के लिए दिल्ली जैसे बड़े शहरों का रुख करते हैं. वहीं उर्मी सिन्हा ने साबित कर दिया कि सही स्ट्रैटेजी के साथ घर बैठकर भी सफलता हासिल की जा सकती है. 2023 में ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने हावड़ा में घर पर रहकर ही तैयारी की. ऑनलाइन स्टडी मटीरियल, मेंटर्स के सही गाइडेंस और खुद के बनाए स्टडी प्लान से उन्होंने प्रीलिम्स, मेन्स और इंटरव्यू, तीनों चरण एक ही बार में पार कर लिए. UPSC CSE 2024 में AIR 170 हासिल कर उन्होंने अपना और अपने परिवार का नाम रोशन किया.

SVPNPA से पासआउट होकर फील्ड ट्रेनिंग के लिए तैयार

17 अक्टूबर 2026 को हैदराबाद के SVPNPA में 78वें नियमित बैच की पासिंग आउट परेड हुई थी. इस बैच में 135 भारतीय आईपीएस अफसरों (37 महिला अधिकारी शामिल हैं) के अलावा नेपाल, भूटान और मालदीव के 16 विदेशी अधिकारी भी शामिल थे. इस बैच में 23 वर्षीय उर्मी सबसे युवा अधिकारी रहीं. पासिंग आउट परेड के बाद उर्मी सिन्हा अपने आवंटित आंध्र प्रदेश कैडर में जा रही हैं. वहां वे बतौर ट्रेनी आईपीएस अधिकारी पुलिस प्रशासन, कानून-व्यवस्था और फील्ड पुलिसिंग की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग हासिल करेंगी.

Urmi Sinha UPSC Rank: आईपीएस उर्मी सिन्हा ने 2024 में यूपीएससी परीक्षा दी थी

भारत के सबसे युवा IPS अफसरों की लिस्ट में दर्ज हुआ नाम

आईपीएस उर्मी सिन्हा का नाम अब भारत के उन गिने-चुने अधिकारियों की फेहरिस्त में शामिल हो गया है, जिन्होंने बेहद कम उम्र में आईपीएस अफसर बनने की उपलब्धि हासिल की. इससे पहले गुजरात कैडर के सफीन हसन भी महज 22 साल की उम्र में देश के सबसे युवा आईपीएस अधिकारी बने थे. इनके अलावा सचिन अतुलकर, मेरिन जोसेफ और अजय प्रताप सिंह जैसे अफसर भी काफी कम उम्र में आईपीएस बनने के लिए जाने जाते हैं.



Source link