Jio Platforms IPO: आज एंकर निवेशकों के लिए खुला जियो आईपीओ, ग्रे मार्केट में मची धूम, जानें कितना है GMP

Jio Platforms IPO: आज एंकर निवेशकों के लिए खुला जियो आईपीओ, ग्रे मार्केट में मची धूम, जानें कितना है GMP


रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल और टेलीकॉम कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO आज, 19 अक्टूबर को एंकर निवेशकों के लिए खुल गया है. कंपनी इस इश्यू के जरिए करीब 30,187.6 करोड़ रुपये जुटाने जा रही है. ये भारतीय शेयर बाजार का अब तक का सबसे बड़ा IPO है. इससे पहले यह रिकॉर्ड हुंडई मोटर इंडिया के नाम था, जिसने 2024 में 27,859 करोड़ रुपये का IPO पेश किया था. जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO आम निवेशकों के लिए 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा.

जियो प्लेटफॉर्म्स ने IPO के लिए 1,065 से 1,119 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. कंपनी की वैल्यूएशन करीब 10.3 लाख करोड़ रुपये है. ग्रे मार्केट में भी इस IPO को लेकर चर्चा है. अगर आप जियो आईपीओ में पैसे लगाने की सोच रहे हैं तो सारी डिटेल्स जान लें.

एक लॉट पर ₹3,000 मुनाफे का अनुमान

जियो प्लेटफॉर्म्स IPO का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) आज 19 अक्टूबर को सुबह 8 बजे करीब 250 रुपये प्रति शेयर चल रहा है. कंपनी के 1,119 रुपये के अपर प्राइस बैंड के हिसाब से यह करीब 22.3% प्रीमियम है. इस आधार पर शेयर की संभावित लिस्टिंग करीब 1,369 रुपये पर हो सकती है. अगर ऐसा होता है, तो 12 शेयरों के एक लॉट पर करीब 3,000 रुपये का संभावित मुनाफा मिल सकता है. पिछले कुछ दिनों में GMP में तेजी देखी गई है. हालांकि, ग्रे मार्केट का यह भाव लिस्टिंग प्राइस की गारंटी नहीं देता और वास्तविक लिस्टिंग पर शेयर का भाव इससे अलग भी हो सकता है.

एंकर निवेशकों से करीब ₹8,000 करोड़ जुटाने की उम्मीद

जियो प्लेटफॉर्म्स की एंकर बुक 19 अक्टूबर को केवल एक दिन के लिए खुली है. कंपनी को एंकर निवेशकों से करीब 8,000 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है. इस IPO में कुल 27 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे. यानी यह पूरी तरह फ्रेश इश्यू है. कंपनी ने कर्मचारियों के लिए 500 करोड़ रुपये और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरधारकों के लिए 2,500 करोड़ रुपये के शेयर रिजर्व किए हैं.

एलिजिबल कर्मचारियों को अंतिम इश्यू प्राइस पर 54 रुपये प्रति शेयर की छूट मिलेगी. बाकी नेट पब्लिक इश्यू में से 50% हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए रखा गया है. इसमें से 60% तक हिस्सा एंकर निवेशकों को अलॉट किया जा सकता है. घरेलू म्यूचुअल फंड के लिए 33.33% और जीवन बीमा व पेंशन फंड के लिए बाकि हिस्सा रखा जा सकता है. वहीं, नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों के लिए 15% और रिटेल निवेशकों के लिए 35% हिस्सा निर्धारित है.

एक लॉट के लिए ₹13,428 लगाने होंगे

जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO आम निवेशकों के लिए 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा. इसका प्राइस बैंड 1,065 से 1,119 रुपये प्रति शेयर है. अपर प्राइस बैंड के हिसाब से एक लॉट की कीमत 13,428 रुपये होगी. रिटेल निवेशकों को जियो IPO में कम से कम 12 शेयरों के एक लॉट के लिए ₹13,428 निवेश करने होंगे. कंपनी की अनुमानित वैल्यूएशन करीब 10.3 लाख करोड़ रुपये है.

IPO से मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल कहां होगा?

जियो प्लेटफॉर्म्स IPO से मिलने वाली रकम में से 27,500 करोड़ रुपये अपनी प्रमुख सहायक कंपनी रिलायंस जियो इन्फोकॉम का कर्ज चुकाने में लगाएगी. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इस सहायक कंपनी पर करीब 29,917.1 करोड़ रुपये का बकाया कर्ज है. बाकी रकम सामान्य कारोबारी जरूरतों के लिए इस्तेमाल की जाएगी.

कंपनी के चेयरमैन आकाश अंबानी ने IPO से जुड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि कंपनी कर्ज-मुक्त स्थिति की ओर बढ़ रही है. कर्ज चुकाने से कंपनी की बैलेंस शीट मजबूत करने में मदद मिल सकती है और भविष्य में कारोबार बढ़ाने के लिए वित्तीय गुंजाइश बन सकती है.

मुनाफे और कमाई में भी बढ़ोतरी

जियो प्लेटफॉर्म्स के वित्तीय नतीजों में भी बढ़त दर्ज की गई है. कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 9.1% बढ़कर 7,765 करोड़ रुपये रहा.वहीं, रेवेन्यू 11.8% बढ़कर 39,172.9 करोड़ रुपये पहुंच गया. कंपनी टेलीकॉम और डिजिटल सर्विसेस के सेक्टर में कारोबार करती है. अब निवेशकों की नजर IPO के सब्सक्रिप्शन, एंकर निवेशकों की भागीदारी और आगे मिलने वाले रिस्पांस पर रहेगी.



Source link