Last Updated:
शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार चल रही श्रद्धा दुबे लगातार पुलिस से एक कदम आगे चल रही है. श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी अब पुलिस के लिए साख की बात हो गई है. क्योंकि जिस श्रद्धा दुबे को पुलिस बीते 10 दिनों से यहां-वहां ढूंढ रही है, वह श्रद्धा दुबे मीडिया में इंटरव्यू दे रही है. इस बीच श्रद्धा दुबे, उसकी बहन और ड्राइवर पर रखे गए इनाम की राशि को पुलिस ने बढ़ा दिया है.
शिवा हत्याकांड में फरार चल रही है श्रद्धा दुबे.
लखनऊः उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बहुचर्चित शिवा हत्याकांड अब पुलिस के लिए साख की बात बनती जा रही है. क्योंकि जिस शिवा की मौत को 10 दिन हो गए, उसी की हत्यारोपी गर्लफ्रेंड मॉडल श्रद्धा दुबे अपने पूरे कुनबे के साथ फरार है. करीब 10 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली है. पुलिस के पास श्रद्धा की छोड़ी गई गाड़ी और नेपाल के सीसीटीवी फुटेज के अलावा कुछ भी नहीं है. वहीं श्रद्धा दुबे पुलिस से लगातार एक कदम आगे चल रही है.
पुलिस से हर बार एक कदम आगे रही है श्रद्धा दुबे
शिवा शर्मा की मौत के बाद जब पुलिस ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर की खोजबीन शुरू की, तब तक वह नेपाल की सीमा में पहुंच गई. नेपाल बॉर्डर के आसपास के लगे सीसीटीवी फुटेज में वह ई-रिक्शा से जाती हुई नजर आई. इसके अलावा बहराइच बॉर्डर पर सीमा की स्कॉर्पियो एन लावारिस हालत में मिली. इसके बाद अभी पुलिस श्रद्धा दुबे की लोकेशन को ट्रेस कर ही रही थी कि उसने मीडिया को इंटरव्यू दे दिया. इस इंटरव्यू ने इस केस में पुलिस की पकड़ को और खोखला कर दिया. हालांकि खबर यह भी है कि श्रद्धा दुबे फिर से भारत पहुंच गई है और सरेंडर की तैयारी भी कर चुकी है.
‘मेरी बिल्डिंग के कैमरे के फुटेज निकालनी चाहिए’
बीते रविवार को न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए श्रद्धा दुबे ने कहा कि सारे आरोप बेबुनियाद हैं. किसी के कह देने से कि हमने हत्या कर दी है, ऐसा नहीं हो जाता. वो एक सुसाइड था और मैंने अपनी आंखों से देखा कि वो मेरी ही बिल्डिंग से चौथे तल्ले से छलांग मार गया. अगर मेरी बिल्डिंग के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाली जाएगी, तो उसमें मैं साफ-साफ बेकसूर साबित हो जाऊंगी. कैमरे अभी तक नहीं निकाले गए हैं. नेपाल बॉर्डर के कैमरे निकाले गए, लेकिन मेरी बिल्डिंग के कैमरे निकालने में क्या परेशानी हो रही है? मेरी बिल्डिंग के कैमरे निकाले जाएंगे, तब मैं बेकसूर साबित हो सकती हूं, क्योंकि मैंने कुछ भी नहीं किया है.
‘शिवा की मां ने मेरे ऊपर गलत आरोप लगाए हैं’
इसके अलावा श्रद्धा दुबे ने यह भी कहा कि मैं उस बंदे को चार महीने से जानती हूं. अगर मेरी कॉल डिटेल्स निकाली जाएंगी, तो पता चल जाएगा कि मैं उसे सिर्फ चार महीने से जानती हूं. इनमें से दो से ढाई महीने तक वो मेरा फ्रेंड रहा है और मेरे घर कभी नहीं आया. पिछले दो महीने से ही वो मेरे घर आ-जा रहा था. इतनी कम अवधि में हमारे बीच चीजें इतनी ज्यादा खराब नहीं हो सकतीं कि हम एक-दूसरे के लिए ऐसा सोच लें. उसकी मां ने मुझ पर गलत आरोप लगाए हैं, क्योंकि उनको मैं बिल्कुल भी पसंद नहीं थी.
श्रद्धा दुबे पर लगातार बढ़ रहा ईनाम
शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार चल रही श्रद्धा दुबे, उसकी बहन और ड्राइवर पर पुलिस ने अब 50-50 हजार रुपये का इनाम रख दिया है. इससे पहले पुलिस ने 25-25 हजार रुपये के इनाम का ऐलान किया था. वहीं श्रद्धा दुबे का इंटरव्यू सामने आने के बाद डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर हटाए गए. विक्रांत वीर को डीजीपी मुख्यालय से संबद्ध किया गया.