Last Updated:
Bhopal Viral Girl Preeti: भोपाल के लहारपुरा स्लम की रहने वाली प्रीति सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं. वह मां की पुरानी साड़ियों से बनी मॉडर्न ड्रेस पहनकर स्लम की गलियों में कैट वॉक करती हैं. प्रीति के लाखों फॉलोअर्स हैं. राजमिस्त्री की बेटी प्रीति का सपना अब एक इंटरनेशनल मॉडल बनने का है.
भोपाल की वायरल गर्ल प्रीति प्रजापति.
रिपोर्ट: रमाकांत दुबे
Bhopal News: भोपाल के लहारपुरा स्लम की गलियां इन दिनों फैशन रैंप में तब्दील हो चुकी हैं. यहां की रहने वाली प्रीति प्रजापति अपनी कैट वॉक से सोशल मीडिया पर छा गई हैं. प्रीति एक सांवली वायरल गर्ल के रूप में जानी जा रही हैं. गलियों में उनका रैंप वॉक तेजी से वायरल हो रहा है. देखते ही देखते सोशल मीडिया पर उनके लाखों फॉलोअर्स हो चुके हैं.
सोशल मीडिया सनसनी बन चुकी प्रीति से न्यूज 18 ने एक्सक्लूसिव बात की. बातचीत के दौरान प्रीति ने अपने जीवन के बारे में कई बातें साझा कीं. उन्होंने बिना किसी झिझक के अपनी बात रखी. प्रीति ने आत्मविश्वास के साथ बोलते हुए कहा, ‘टैलेंट ही मेरी ताकत है’.
बहन का आइडिया हो गया हिट
फैशन की दुनिया में लोग अक्सर महंगे कपड़ों और संसाधनों का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन प्रीति के पास महंगे संसाधन नहीं थे. उन्होंने एक नया और अनोखा तरीका निकाला. उनकी छोटी बहन मां की पुरानी साड़ियों का इस्तेमाल करती है. वह पुरानी साड़ियों से बहुत सुंदर मॉडर्न और एंटिक ड्रेस बनाती है. प्रीति इन्हीं ड्रेसेज को पहनकर मॉडल की तरह तैयार होती हैं. इसके बाद वह स्लम की गलियों में रैंप वॉक करती हैं.
पिता राजमिस्त्री, मां सिलती कपड़ा
प्रीति का पारिवारिक पृष्ठभूमि बहुत सामान्य है. उनके पिता राजमिस्त्री का काम करते हैं. उनकी मां घर में कपड़े सिलने का काम करती हैं. प्रीति अपने घर में पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर आती हैं. परिवार में सीमित साधन होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी पहचान बनाई.
प्रीति ने बचपन से ही मॉडल बनने का सपना देखा था. अब सोशल मीडिया पर मिली प्रसिद्धि के बाद उनके हौसले और बढ़ गए हैं. उनका सपना सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं है. वह भविष्य में एक इंटरनेशनल मॉडल बनना चाहती हैं. लहारपुरा की गलियों से शुरू हुआ उनका यह सफर अब नए मुकाम की ओर बढ़ रहा है.