Last Updated:
भोपाल में टीआई रतन सिंह परिहार पर एफआईआर और बर्खास्तगी की मांग को लेकर जयस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. सीएम हाउस की ओर बढ़ रहे कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीखी झड़प हुई. इसी बीच एक छात्रा ने पुलिसकर्मी को थप्पड़ जड़ दिया. पुलिस ने करीब 50 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया. जानें फिर…
प्रदर्शन के पुलिसकर्मी को थप्पड़ जड़ती छात्रा.
रिपोर्ट: रमाकांत दुबे
राजधानी भोपाल में आदिवासी संगठन जयस के कार्यकर्ताओं का उग्र प्रदर्शन देखने को मिला है. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया. कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर भोपाल की सड़कों पर एकत्र हुए थे. जब प्रदर्शनकारी सीएम हाउस की ओर बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया. पुलिस द्वारा रोके जाने पर कार्यकर्ताओं और पुलिस बल के बीच भारी विवाद और धक्का-मुक्की शुरू हो गई.
महिला कार्यकर्ता ने पुलिसकर्मी को जड़ा थप्पड़
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय और अधिक तनावपूर्ण हो गया, जब एक महिला कार्यकर्ता ने पुलिसकर्मी को थप्पड़ मार दिया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में महिला कार्यकर्ता पुलिस आरक्षक को थप्पड़ मारती हुई दिखाई दे रही है. इसके अलावा महिला कार्यकर्ता ने महिला पुलिस अधिकारियों और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भी झूमाझटकी की. थप्पड़ मारने की घटना पर बयान देते हुए युवती ने कहा, ‘क्यों नहीं उठा सकती हाथ’. जानकारी के अनुसार, पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारने वाली युवती बैतूल जिले की बताई जा रही है.
टीआई रतन सिंह परिहार पर एफआईआर की मांग
आदिवासी संगठन जयस के कार्यकर्ता टीआई रतन सिंह परिहार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे. प्रदर्शनकारी टीआई रतन सिंह परिहार पर एफआईआर दर्ज करने और उन्हें सेवा से बर्खास्त करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे. अपनी इसी मुख्य मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर पार्क में घेराबंदी की और बाद में सीएम हाउस की तरफ बढ़ने का प्रयास किया.
कजलीखेड़ा थाने ले गई पुलिस, बॉन्ड भरवाकर छोड़ा
हंगामे और विवाद के बाद पुलिस प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया. पुलिस अंबेडकर पार्क से प्रदर्शन कर रहे करीब 50 जयस कार्यकर्ताओं को गाड़ियों में बैठाकर कजलीखेड़ा थाने लेकर पहुंची. बाद में सभी से बॉन्ड भरवाया गया और बॉन्ड भरवाने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया. हालांकि, ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारने के मामले में पुलिस आगे भी कानूनी कार्रवाई कर सकती है.