Last Updated:
बॉलीवुड की मशहूर प्लेबैक सिंगर नीति मोहन के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. सिंगर के पिता बृज मोहन शर्मा का 15 अक्टूबर 2026 को निधन हो गया. नीति ने रविवार, 18 अक्टूबर को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पिता के निधन की दुखद खबर साझा की. इस खबर के सामने आने के बाद इंडस्ट्री के लोगों के बीच शोक लहर दौड़ पड़ी.
नीति मोहन के पिता का हुआ निधन ( फोटो साभार-instagram@neetimohan18)
नई दिल्ली. बॉलीवुड की मशहूर सिंगर नीति मोहन के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनके पिता बृज मोहन शर्मा का 15 अक्टूबर 2026 को निधन हो गया. पिता के जाने से नीति और उनकी बहनें गहरे सदमे में हैं. सिंगर ने सोशल मीडिया पर अपने पिता की तस्वीर साझा करते हुए उनके चले जाने की दुखद खबर साझा की. नीति मोहन ने उन्हें भावुक अंदाज में याद किया. नीति मोहन का उनके पोस्ट में दर्द साफ छलक रहा है.
नीति मोहन ने इंस्टाग्राम पर अपने पिता की तस्वीर के साथ एक इमोशनल नोट लिखा. उन्होंने बताया कि भले ही उनके पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी सीख, संस्कार और प्यार हमेशा परिवार के साथ रहेंगे. सिंगर ने लिखा, ‘बहुत दुख और भारी मन के साथ हम अपने प्यारे पिता श्री बृज मोहन शर्मा के निधन की खबर साझा कर रहे हैं. वह 15 अक्टूबर 2026 को इस दुनिया को छोड़कर चले गए.’
फोटो साभार इंस्टाग्राम neetimohan18
नीति मोहन का छलका दर्द
उन्होंने आगे अपने पिता को परिवार की ताकत और मार्गदर्शक बताते हुए लिखा कि उनकी समझदारी, दयालुता, संस्कार और बिना शर्त प्यार हमेशा उनके दिलों में जिंदा रहेंगे. नीति के मुताबिक, पिता के जाने से परिवार की जिंदगी में ऐसी कमी आ गई है, जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता. हालांकि, उनसे मिली सीख और उनकी खूबसूरत यादें आगे भी परिवार का मार्गदर्शन करती रहेंगी. सिंगर ने भावुक होते हुए अपने पिता को याद किया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
मनीष पॉल और नेहा धूपिया ने जताया दुख
नीति मोहन की इस पोस्ट पर फिल्म और मनोरंजन जगत से जुड़े कई लोगों ने प्रतिक्रिया दी और परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं. अभिनेता और होस्ट मनीष पॉल ने कमेंट करते हुए ‘ओम शांति’ लिखा और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी. वहीं, एक्ट्रेस नेहा धूपिया ने नीति और उनके परिवार को इस मुश्किल वक्त से उबरने की हिम्मत मिलने की कामना की. उन्होंने लिखा, ‘नीति, तुम्हें और पूरे परिवार को हिम्मत मिले.’
बता दें कि बृज मोहन शर्मा सरकारी अधिकारी और लेखक थे. नीति मोहन और उनकी बहनें शक्ति मोहन, मुक्ति मोहन और कृति मोहन अपने पिता को परिवार का मजबूत आधार और मार्गदर्शक मानती थीं. नीति मोहन ने कई इंटरव्यू में इस बात का जिक्र किया है कि उनके पिता उनके परिवार का सबसे बड़ा सपोर्ट सिस्टम थे. मोहन सिस्टर्स का मानना है कि वो अपने पिता के सपोर्ट के बिना अपने करियर में वो मुकाम हासिल नहीं कर पातीं जो उन्होंने किया है.