5 Common Mistakes During SSC CGL Preparation: भारत में SSC CGL की परीक्षा पास करने के लिए लाखों युवा दिन-रात मेहनत करते हैं. कोई घंटों मैथ (Math) के सवाल हल करता है, तो कोई इंग्लिश और जनरल नॉलेज की तैयारी में लगा रहता है. इसके बावजूद कई उम्मीदवारों को बार-बार असफलता का सामना करना पड़ता है. ऐसे में मन में सवाल उठता है कि आखिर इतनी मेहनत करने के बाद भी सफलता क्यों नहीं मिल रही? इसकी एक बड़ी वजह तैयारी का गलत तरीका हो सकता है. कई बार छात्र पढ़ाई तो खूब करते हैं, लेकिन परीक्षा के पैटर्न को समझने, मॉक टेस्ट देने और पुराने टॉपिक दोहराने जैसी जरूरी बातों पर ध्यान नहीं देते. अगर आप भी SSC CGL, CPO, GD या MTS की तैयारी कर रहे हैं, तो अपनी इन 5 गलतियों को पहचानना जरूरी है.
1. परीक्षा का पैटर्न समझे बिना पढ़ाई करना
SSC की तैयारी शुरू करने से पहले यह जानना जरूरी है कि परीक्षा में किस तरह के सवाल पूछे जाते हैं और किन विषयों पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए. कई उम्मीदवार बिना योजना बनाए हर विषय को बराबर समय देने लगते हैं. इससे जरूरी टॉपिक पीछे छूट सकते हैं और समय का सही इस्तेमाल नहीं हो पाता.
इससे बचने के लिए पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करें. इससे आपको सवालों के प्रकार, परीक्षा के लेवल और अपनी कमजोरियों को समझने में मदद मिलेगी. इसके अलावा, मैथ, इंग्लिश, रीजनिंग और जनरल नॉलेज के लिए अलग-अलग लक्ष्य तय करें. साथ ही, नेगेटिव मार्किंग के नियमों को समझकर सवाल हल करने की रणनीति बनाएं.
2. ढेर सारी किताबें और कोर्स खरीद लेना
कई उम्मीदवार सोचते हैं कि जितनी ज्यादा किताबें और ऑनलाइन कोर्स होंगे, तैयारी उतनी अच्छी होगी. इसी चक्कर में वे अलग-अलग टीचर्स के कोर्स खरीद लेते हैं और कई मॉक टेस्ट प्लेटफॉर्म भी इस्तेमाल करने लगते हैं. लेकिन ज्यादा पढ़ाई का कंटेंट होने से उलझन बढ़ सकती है और किसी एक विषय को अच्छी तरह समझने का समय नहीं मिल पाता.
इसलिए हर विषय के लिए सीमित और भरोसेमंद किताबें चुनें. एक अच्छी किताब को बार-बार पढ़ना और उसके सवालों का अभ्यास करना, कई किताबों को अधूरा पढ़ने से ज्यादा फायदेमंद हो सकता है. इसके अलावा, पढ़ाई के लिए कंटेंट चुनने के बाद उसी पर टिके रहें और लगातार रिवीजन करें.
3. मॉक टेस्ट देने से बचना या गलतियों का एनालिसिस न करना
मॉक टेस्ट से उम्मीदवारों को परीक्षा जैसी स्थिति में सवाल हल करने का अंदाजा लगता है. इसके बावजूद कई छात्र कम अंक आने के डर से टेस्ट देने से बचते हैं. वहीं, कुछ उम्मीदवार टेस्ट तो देते हैं, लेकिन बाद में अपनी गलतियों पर ध्यान नहीं देते. ये दोनों आदतें तैयारी को कमजोर कर सकती हैं.
इसके अलावा, सिलेबस का एक महत्वपूर्ण हिस्सा पूरा होने के बाद मॉक टेस्ट देना शुरू करें. इसके बाद धीरे-धीरे टेस्ट की संख्या बढ़ाएं. हर टेस्ट के बाद देखें कि कौन से सवाल गलत हुए, किन सवालों में ज्यादा समय लगा और कौन से सवाल छूट गए. इस तरह आपको पता चलेगा कि किस विषय पर ज्यादा मेहनत करने की जरूरत है.
4. रिवीजन को नजरअंदाज करना
सबसे बड़ी बात कि सिर्फ नए टॉपिक पढ़ते रहने से तैयारी मजबूत नहीं होती. मैथ के फॉर्मूले, इंग्लिश के रूल्स और जनरल नॉलेज के फैक्ट लंबे समय तक याद रखने के लिए बार-बार रिवीजन जरूरी है. कई उम्मीदवार नया सिलेबस पूरा करने के चक्कर में पुराने टॉपिक भूलने लगते हैं. इससे बचने के लिए हर दिन पढ़े गए विषयों को दोहराने का समय निकालें. सप्ताह में एक दिन पुराने टॉपिक और गलत सवालों का रिवीजन करें. इससे परीक्षा के समय जानकारी याद करने में आसानी होगी.
5. पढ़ाई का तय रूटीन न बनाना
कई छात्र कभी 10 घंटे पढ़ते हैं, तो कभी दो दिन तक किताब नहीं खोलते. इस तरह पढ़ाई में लगातार अंतर आने से तैयारी की रफ्तार प्रभावित होती है. जरूरी नहीं कि हर दिन बहुत ज्यादा घंटे पढ़ा जाए, लेकिन रेगुलर पढ़ाई करना जरूरी है.
अपनी क्षमता के अनुसार रोजाना का टाइम टेबल बनाएं. मैथ, इंग्लिश, रीजनिंग और जनरल नॉलेज के लिए समय तय करें. अगर किसी दिन पढ़ाई नहीं हो पाती, तो अगले दिन फिर से अपनी दिनचर्या पर लौट आएं. जरूरत पड़ने पर किसी दोस्त के साथ पढ़ाई का लक्ष्य तय कर सकते हैं, ताकि नियमितता बनी रहे.