Last Updated:
सोशल मीडिया सेंसेशन राखी सावंत की इन दिनों मुश्किलें बढ़ते दिख रही हैं. राखी सावंत के खिलाफ 16 साल पुराने केस में गैर जमानती वारंट जारी हो गया है. राखी ने साल 2010 में अपने शो ‘राखी के इंसाफ’ पर एक शख्स को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी जिसके बाद उसने अपनी जान ले ली. शख्स की मां ने एक्ट्रेस के खिलाफ केस दर्ज कराया था.
राखी सावंत के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ है. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली. सोशल मीडिया सेंसेशन राखी सावंत की इन दिनों मुश्किलें बढ़ते दिख रही हैं. राखी सावंत के खिलाफ 16 साल पुराने मामले में गैर जमानती वारंट जारी हो गया है. उत्तर प्रदेश के झांसी में सीएडब्ल्यू (एफटीसी) कोर्ट ने 17 अक्टूबर को राखी सावंत के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया. बार-बार कोर्ट में पेश न होने के बाद एक्ट्रेस के खिलाफ ये एक्शन लिया गया है. राखी सावंत ने 10 साल पहले अपने शो ‘राखी के इंसाफ’ पर 24 साल के लक्ष्मण अहिरवार को नापुंसक कहकर जलील किया था.
राखी सावंत ने लक्ष्मण को नेशनल टीवी पर नामर्द कहकर अपमानित किया था जिसके सदमे में आकर शख्स ने आत्महत्या कर ली थी. इस शख्स की मां ने राखी सावंत के खिलाफ केस दर्ज कराया था. मां की शिकायत के आधार पर राखी सावंत के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, साजिश रचने समेत कई आरोपों में मामला दर्ज किया गया था.
1 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई
कोर्ट की ओर से समन जारी होने के बावजूद राखी सावंत सुनवाई के लिए जारी नहीं हो रही थी. ऐसे में अब अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया है. इस मामले में अगली सुनवाई 1 दिसंबर को होगी. झांसी के रहने वाले लक्ष्मण अहिरवार ने राखी सावंत की टिप्पणी के बाद 10 नवंबर, 2010 को आत्महत्या कर ली थी. एक्ट्रेस ने शो ‘राखी के इंसाफ’ पर ये विवादित टिप्पणी की थी. शख्स की मां ने प्रेम नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी.
‘राखी का इंसाफ’ से शुरू हुआ था मामला
साल 2010 में राखी सावंत का शो ‘राखी का इंसाफ’ काफी चर्चित था. इस शो पर लोग अपनी समस्याएं लेकर आते थे. लक्ष्मण आहिरवार और उनकी पत्नी अनीता इस शो पर पहुंचे थे. अनीता ने शो पर खुलासा किया था कि वो कई महिनों से अपने पति से अलग रह रही थीं. साथ ही अनीता ने कहा था कि उनका पति लक्ष्मण शराब पीकर उन्हें पीटता था. इसके साथ ही जब किसी रिश्तेदार ने उनके साथ गलत व्यवहार किया तो भी उनके पति ने उनका सपोर्ट नहीं किया.
इस केस में अपनी टिप्पणी देते हुए राखी सावंत ने लक्ष्मण को नापुंसक कह दिया था. इस बात से वो इतना आहत हुए कि उन्होंने आत्महत्या कर ली. इस मामले में शख्स की मां ने राखी सावंत के खिलाफ केस दर्ज कराया.