Why JEE Is Not Right for Every Student: कक्षा 12वीं के बाद इंजीनियरिंग में करियर बनाने का सपना देखने वाले लाखों छात्र जॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (JEE) की तैयारी शुरू करते हैं. इनमें से अधिकतर छात्रों का लक्ष्य इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) में एडमिशन लेना होता है, तो कुछ नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) जैसे अच्छे इंजीनियरिंग कॉलेजों में पढ़ना चाहते हैं. लेकिन सवाल यह है कि क्या हर छात्र के लिए JEE की तैयारी करना सही है?
दरअसल, इसका जवाब है – नहीं. किसी दूसरे को देखकर या परिवार के दबाव में आकर इस परीक्षा की तैयारी शुरू करना सही फैसला नहीं हो सकता. इसके लिए जरूरी है कि छात्र पहले अपनी रुचि, पढ़ाई की क्षमता और करियर के लक्ष्य को समझें. इसके अलावा, सबसे पहले आपको यह समझना होगा कि यह परीक्षा किन छात्रों को देनी चाहिए और फिर समझें कि किन छात्रों को इस परीक्षा से दूरी बनानी चाहिए.
किन छात्रों को करनी चाहिए JEE की तैयारी?
1. जिन्हें इंजीनियरिंग में है दिलचस्पी
अगर आपको कंप्यूटर, मशीन, टेक्नोलॉजी और नई चीजें बनाने में दिलचस्पी है, तो इंजीनियरिंग आपके लिए करियर का अच्छा विकल्प हो सकता है. ऐसे छात्र JEE की तैयारी करने के बारे में सोच सकते हैं. हालांकि, सिर्फ IIT में एडमिशन पाने का सपना देखने के बजाय यह समझना भी जरूरी है कि आप आगे चलकर इंजीनियरिंग की फील्ड में काम करना चाहते हैं या नहीं.
2. जिन्हें मैथ्स और फिजिक्स समझना पसंद है
जेईई की तैयारी में मैथ्स, फिजिक्स और केमिस्ट्री की अहम भूमिका होती है. खासकर मैथ्स और फिजिक्स में कई ऐसे सवाल पूछे जाते हैं, जिन्हें हल करने के लिए विषयों की अच्छी समझ और लगातार प्रैक्टिस की जरूरत होती है. अगर आपको इन विषयों के सवाल हल करना अच्छा लगता है और आप मुश्किल सवालों को समझने की कोशिश करते हैं, तो JEE आपके लिए सही विकल्प हो सकता है.
3. जो लगातार मेहनत करने के लिए तैयार हैं
JEE की तैयारी एक-दो दिन की मेहनत से पूरी नहीं होती. इसके लिए रोजाना पढ़ाई करना, सवालों की प्रैक्टिस करना और अपनी गलतियों को सुधारना जरूरी है. कई बार सवाल हल नहीं होते या मॉक टेस्ट में उम्मीद के मुताबिक अंक नहीं आते. ऐसे समय में धैर्य बनाए रखना भी जरूरी है. अगर आप रेगुलर पढ़ाई करने और अपनी तैयारी में सुधार लाने के लिए तैयार हैं, तो इस परीक्षा की तैयारी कर सकते हैं.
4. जिनका लक्ष्य IIT या NIT में पढ़ना है
अगर आपका सपना IIT, NIT या दूसरे अच्छे इंजीनियरिंग कॉलेजों में एडमिशन लेना है, तो JEE की तैयारी आपके लिए महत्वपूर्ण हो सकती है. JEE Main के जरिए NIT और कई दूसरे इंस्टीट्यूट्स में एडमिशन का रास्ता खुलता है, जबकि IIT में एडमिशन के लिए JEE Advanced पास करना होता है. इसलिए तैयारी शुरू करने से पहले परीक्षा के पूरे तरीके और एडमिशन की शर्तों को समझ लेना चाहिए.
5. जो कॉम्पिटिशन के दबाव को संभाल सकते हैं
दरअसल, JEE में देशभर के छात्र हिस्सा लेते हैं. ऐसे में अच्छी रैंक हासिल करने के लिए केवल पढ़ना ही काफी नहीं है, बल्कि समय पर सवाल हल करने और परीक्षा के दौरान शांत रहने का अभ्यास भी जरूरी है. अगर आप मॉक टेस्ट देकर अपनी कमियों को समझ सकते हैं और कम अंकों के बाद भी मेहनत जारी रखते हैं, तो कॉम्पिटिशन की तैयारी में आपको मदद मिल सकती है.
किन छात्रों को नहीं करनी चाहिए JEE की तैयारी?
– जिन्हें मैथ्स और फिजिक्स में बिल्कुल रुचि नहीं है: अगर आपको इन विषयों को पढ़ना पसंद नहीं है और इंजीनियरिंग में भी कोई खास दिलचस्पी नहीं है, तो केवल दूसरों को देखकर JEE की तैयारी शुरू न करें. पहले अपने करियर के दूसरे विकल्पों के बारे में जानें.
– जो परिवार या दोस्तों के दबाव में तैयारी कर रहे हैं: कई बार छात्र इसलिए JEE की तैयारी शुरू कर देते हैं, क्योंकि उनके दोस्त ऐसा कर रहे होते हैं या परिवार चाहता है कि वे इंजीनियर बनें. लेकिन करियर का फैसला अपनी रुचि और लक्ष्य को ध्यान में रखकर करना चाहिए. क्योंकि बिना मन के लंबे समय तक तैयारी करना मुश्किल हो सकता है.
– जिनकी रुचि दूसरी फील्ड में है: अगर आपको मेडिकल, डिजाइन, मैनेजमेंट, कला या किसी दूसरी फील्ड में ज्यादा दिलचस्पी है, तो उन विकल्पों पर भी विचार करें. हर सफल करियर के लिए IIT जाना जरूरी नहीं है. अपनी रुचि के अनुसार सही कोर्स और कॉलेज चुनकर भी अच्छा भविष्य बनाया जा सकता है.
JEE की तैयारी शुरू करने से पहले खुद से पूछें ये सवाल
JEE की तैयारी शुरू करने से पहले यह सोचें कि क्या आपको इंजीनियरिंग में सच में दिलचस्पी है? क्या आप मैथ्स, फिजिक्स और केमिस्ट्री को रेगुलर से पढ़ने के लिए तैयार हैं? क्या आप मुश्किल सवालों की प्रैक्टिस करने और अपनी गलतियों से सीखने के लिए समय निकाल सकते हैं? इन सवालों के जवाब आपको फैसला लेने में मदद कर सकते हैं.
ध्यान रखें, JEE में सफलता केवल ज्यादा घंटे पढ़ने से नहीं मिलती. सही रणनीति, विषयों की समझ, रेगुलर प्रैक्टिस और अपनी रुचि के अनुसार करियर चुनना भी उतना ही जरूरी है. इसलिए किसी दबाव में आकर नहीं, बल्कि अपनी क्षमता और लक्ष्य को समझकर ही JEE की तैयारी शुरू करें.