Last Updated:
बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार और जाने-माने निर्देशक प्रियदर्शन एक बार फिर दर्शकों को हंसाने वाले हैं. खबर है कि दोनों एक नई कॉमेडी फिल्म पर काम शुरू करने जा रहे हैं, जिसकी कहानी 1970 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी.य रमेश तौरानी के प्रोडक्शन में बनने वाली इस फिल्म में अक्षय कुमार एक अतरंगी टाइगर हंटर के दिलचस्प किरदार में नजर आएंगे. इस प्रोजेक्ट की शूटिंग इस साल नवंबर के आखिरी हफ्ते से शुरू होने की पूरी संभावना है.
अक्षय कुमार-प्रियदर्शन की जोड़ी ला रही कॉमेडी मूवी. (फोटो साभार: X@Box_Office_BO/IMDb)
नई दिल्ली. बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार और मशहूर निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों को हंसाने के लिए पूरी तरह तैयार है. दोनों अपनी अगली कॉमेडी फिल्म के लिए हाथ मिलाने जा रहे हैं, जिसकी शूटिंग इस साल नवंबर के आखिरी हफ्ते में शुरू होने की संभावना है. यह फिल्म 1970 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी, जिसमें अक्षय कुमार अनोखे किरदार में नजर आएंगे. खास बात यह है कि यह प्रियदर्शन के निर्देशन में बनने वाली 99वीं फिल्म होगी.
हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की यह अनटाइटल फिल्म कॉमेडी से भरपूर होगी. इसमें अक्षय कुमार अतरंगी टाइगर हंटर के रोल में दिखेंगे. सोर्स ने बताया कि रमेश तौरानी के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म की शूटिंग इस साल नवंबर के आखिरी हफ्ते में शुरू होने की पूरी तैयारी है.
तीन महीने तक चलेगी कॉमेडी फिल्म की शूटिंग
फिल्म की शूटिंग का शेड्यूल करीब तीन महीने का तय किया गया है, जिसके लिए मेकर्स ने राजस्थान के वाइल्डलाइफ इलाकों को चुना है और साथ ही इसे मुंबई में भी सेट बनाकर शूट किया जाएगा. इसके अलावा भोपाल की खूबसूरत लोकेशंस पर भी शूटिंग करने की तैयारी चल रही है. कॉमेडी के इस तगड़े डोज को और ज्यादा मजेदार बनाने के लिए फिल्म में अन्नू कपूर और राजपाल यादव जैसे दिग्गज सितारों की एंट्री हो चुकी है, जबकि मेकर्स फिलहाल लीड एक्ट्रेस की तलाश कर रहे हैं.
प्रियदर्शन और रोहन शंकर ने लिखी कहानी
इस फिल्म की कहानी प्रियदर्शन और रोहन शंकर ने मिलकर लिखी है, जो इससे पहले अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ के लिए भी साथ काम कर चुके हैं. जब हिन्दुस्तान टाइम्स ने इस बारे में निर्देशक प्रियदर्शन से संपर्क किया, तो उन्होंने फिलहाल ज्यादा जानकारी देने से बचते हुए कहा कि प्रोजेक्ट को पूरी तरह लॉक हो जाने दीजिए, फिर मैं इस पर बात करूंगा.
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की कॉमेडी फिल्में
बता दें कि अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की यह जोड़ी शानदार कॉमेडी फिल्मों के लिए जानी जाती है. दोनों ने साल 2000 में कल्ट कॉमेडी फिल्म ‘हेरा फेरी’ से जो सिलसिला शुरू किया था, उसके बाद ‘गरम मसाला’ (2005), ‘भागम भाग’ (2006), ‘भूल भुलैया’ (2007), ‘दे दना दन’ (2009) और ‘खट्टा मीठा’ (2010) जैसी बेहतरीन फिल्में दीं. एक लंबे गैप के बाद अब यह धमाकेदार जोड़ी साल 2026 में ‘भूत बंगला’ और ‘हैवान’ के साथ दोबारा पर्दे पर लौटी.