Young India : भारत के युवाओं ने बनाया 48 लाख करोड़ का बिजनेस, एआई और मशीन लर्निंग में 4 गुना इजाफा


Last Updated:

Young India : हुरुन इंडिया ने अपनी हालिया रिपोर्ट में बताया है कि भारत में युवा उद्यमियों की संख्या 16 फीसदी बढ़कर 180 करोड़ पहुंच गई है. हुरून ने बताया कि युवा उद्यमियों द्वारा संभाले जाने वाले कारोबार की कुल वैल्यू भी 23 फीसदी बढ़कर 48 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई है. एआई और मशीन लर्निंग जैसे सेक्टर्स में युवाओं की भागीदारी चार गुना बढ़ चुकी है.

Top Deals Inside

भारत के युवाओं ने बनाया 48 लाख करोड़ का बिजनेस, हुरून की लिस्ट में 180 उद्यमीZoom

भारत के युवा उद्यमियों की संख्या एक साल में 23 फीसदी बढ़ गई है.

नई दिल्ली. भारतीय युवाओं का टैलेंट सिर्फ कामगार और सर्विस सेक्टर में ही नहीं दिख रहा है, बल्कि कारोबारी क्षेत्र में भी उनका लोहा पूरी दुनिया मानने लगी है. हुरून ने अपनी हालिया रिपोर्ट में बताया है कि देश में 35 साल से कम आयु के युवाओं द्वारा संचालित कंपनियों का कुल मूल्यांकन 23 फीसदी बढ़कर 48 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है. खास बात ये है कि एआई और मशीन लर्निंग से जुड़े उद्यमों में युवा उद्यमियों की यह संख्या 4 गुना बढ़ चुकी है.

वैसे तो ‘एवेंडस वेल्थ – हुरुन इंडिया अंडर-35 (यू35) लिस्ट 2026’ में शामिल युवाओं की संख्या सालाना आधार पर 16 फीसदी बढ़कर 155 से 180 हो गई है. इस सूची में अपना कारोबार चला रहे संस्थापक और पारिवारिक कारोबार के उत्तराधिकारी दोनों शामिल हैं. सूची में पांच करोड़ डॉलर या उससे अधिक मूल्य के उपक्रम खड़ा करने वाले पहली पीढ़ी के संस्थापकों और 10 करोड़ डॉलर के पारिवारिक व्यवसायों को आगे बढ़ा रहे अगली पीढ़ी के युवा उद्यमियों को शामिल किया गया है.

37 कंपनियों का वैल्यूएशन 1 अरब डॉलर से ज्यादा
हुरुन इंडिया के संस्थापक और मुख्य शोधकर्ता अनस रहमान जुनैद ने कहा कि सूची में एक अरब डॉलर से अधिक मूल्यांकन वाली 37 कंपनियां शामिल हैं. उन्होंने बताया कि ये उद्यम सामूहिक रूप से 5.88 लाख से अधिक लोगों को रोजगार दे रहे हैं. सूची में शामिल 180 दिग्गजों में 71 फीसदी पहली पीढ़ी के उद्यमी हैं. इसका मतलब है कि यह सभी खुद अपनी कंपनी के फाउंडर हैं.

किस सेक्टर से ज्यादा कारोबारी
सूची के अनुसार अंतरिक्ष, रक्षा और विनिर्माण क्षेत्रों में काम कर रहे संस्थापकों के साथ-साथ कृत्रिम मेधा (एआई) और मशीन लर्निंग क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों की संख्या चार गुना बढ़कर 12 हो गई है. सूची में शामिल संस्थापकों की औसत आयु 33 वर्ष है और गोल्डियम इंटरनेशनल के अनमोल भंसाली 31 वर्ष की आयु में सूची में सबसे कम उम्र के उद्यमी हैं. इसमें 23 महिलाएं शामिल हैं, जिनमें फॉक्सटेल की रोमिता मजूमदार सबसे कम उम्र की महिला उद्यमी हैं. रिपोर्ट में कहा गया कि प्रतिष्ठित शिक्षा संस्थानों में आईआईटी दिल्ली 11 पूर्व छात्रों के साथ सबसे आगे है. इसके बाद आईआईटी खड़गपुर के 10 तथा आईआईटी मद्रास और दिल्ली विश्वविद्यालय के 7-7 पूर्व छात्र इस सूची में शामिल हैं.



Source link