Last Updated:
UP Police Shoes: यूपी पुलिस के जवानों को अब ड्यूटी के दौरान भारी चमड़े के जूतों से राहत मिल सकती है. लंबे समय तक पैदल गश्त, ट्रैफिक ड्यूटी और भीड़ में तैनाती को देखते हुए हल्के और मॉडर्न सिंथेटिक जूते दिए जाने को लेकर विचार किया जा रहा है.
यूपी पुलिस को मिल सकते हैं मॉडर्न सिंथेटिक जूते.
लखनऊ: यूपी में पुलिसकर्मियों के जूते बदलने की तैयारी हो रही है. अभी पुलिसकर्मी जो पारंपरिक चमड़े के के ऑक्सफोर्ड शेप जूते पहनते हैं, उनकी जगह अब हल्के और मॉडर्न सिंथेटिक जूते दिए जाने पर विचार किया जा रहा है. पुलिस लाइन मेरठ की ओर से जिले के सभी थानों और पुलिस के जवानों से इस बारे में राय मांगी गई है.
पुलिसकर्मियों से पूछा गया है कि नए तरह के जूते पहनने में उन्हें कितनी सुविधा होगी और ड्यूटी के दौरान ये कितने उपयोगी रहेंगे. यानी अभी जूते बदलने का फैसला नहीं हुआ है, बल्कि पहले पुलिसकर्मियों से उनकी राय और सुझाव मांगे गए हैं. उनकी राय मिलने के बाद आगे फैसला लिया जा सकता है.
बताया जाता है कि मुंबई में कार्यक्रम के दौरान एक्टर अक्षय कुमार ने सीएम योगी से पुलिस को इस तरह का जूता देने की बात कही थी. जिसके बाद से जूता बदलने की कवायद शुरू हुई है. पुलिस मुख्यालय की ओर से इस नए जूते को वर्दी में शामिल करने के लिए रायशुमारी करने का आदेश जारी हुआ है.
| फर्क | पारंपरिक चमड़े के जूते | हल्के सिंथेटिक जूते |
|---|---|---|
| वजन | आमतौर पर ज्यादा | कम, इसलिए लंबे समय तक पहनना आसान |
| आराम | शुरुआत में थोड़े सख्त हो सकते हैं | ज्यादा लचीले और आरामदायक हो सकते हैं |
| चलना-दौड़ना | लंबे समय तक चलने पर पैरों पर ज्यादा दबाव महसूस हो सकता है | हल्के होने से गश्त और दौड़ में सुविधा |
| गर्मी | गर्म मौसम में पैर ज्यादा गर्म हो सकते हैं | डिजाइन के हिसाब से बेहतर हवा आने-जाने की सुविधा मिल सकती है |
| बारिश | पानी लगने पर चमड़े की देखभाल जरूरी | कुछ सिंथेटिक सामग्री पानी के प्रति ज्यादा टिकाऊ होती है |
| रखरखाव | पॉलिश और सफाई की जरूरत | आमतौर पर साफ करना आसान |
| टिकाऊपन | अच्छे चमड़े का जूता लंबे समय तक चल सकता है | गुणवत्ता और सामग्री पर काफी निर्भर |
| लंबी ड्यूटी | वजन और कठोरता परेशानी दे सकती है | हल्का होने से लंबे समय की ड्यूटी में फायदा |
पुलिसकर्मियों को क्या फायदा होगा?
अगर यूपी पुलिस के पुराने चमड़े के जूतों की जगह हल्के सिंथेटिक जूते दिए जाते हैं तो पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान काफी सुविधा मिल सकती है. पुलिसकर्मियों को कई बार घंटों पैदल चलना पड़ता है, गश्त करनी होती है और भीड़ या ट्रैफिक के बीच लंबे समय तक खड़ा रहना पड़ता है. ऐसे में हल्के जूते पैरों पर कम दबाव डालेंगे और चलने में आसानी होगी.
गर्मी के मौसम में भी हल्के जूते ज्यादा आराम दे सकते हैं. लंबे समय तक जूते पहनने के दौरान पैरों में भारीपन और थकान कम महसूस हो सकती है. इसके अलावा सिंथेटिक जूतों को साफ करना भी आसान होता है और चमड़े के जूतों की तरह बार-बार पॉलिश करने की जरूरत नहीं पड़ती. पुलिसकर्मियों के लिए जूते सिर्फ पहनावे का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि रोज की ड्यूटी में काम आने वाली जरूरी चीज हैं. इसलिए नए जूते चुनते समय उनका वजन, पकड़, मजबूती और बारिश में इस्तेमाल जैसी चीजों का ध्यान रखना जरूरी होगा.