पहाड़ और समंदर वाली आफत की जोड़ी काटेगी गदर, दिल्‍ली से केरल तक बारिश – IMD Weather Today western disturbances cyclonic circulation cause rain

पहाड़ और समंदर वाली आफत की जोड़ी काटेगी गदर, दिल्‍ली से केरल तक बारिश – IMD Weather Today western disturbances cyclonic circulation cause rain


IMD Weather Today: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण भारत के कई राज्यों में 22 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. केरल, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में व्यापक बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. वहीं, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और लक्षद्वीप में भी कई जगह बारिश होने के आसार हैं. उत्तर भारत में दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक, तेज हवाएं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. इसके अलावा दक्षिण हरियाणा और उससे सटे उत्तरी राजस्थान, दक्षिण राजस्थान और उससे लगे उत्तरी गुजरात तथा उत्तरी हरियाणा के आसपास चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) बना हुआ है. तमिलनाडु और दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के आसपास भी चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश से बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से तक एक ट्रफ बना हुआ है. इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अगले कई दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है.

दिल्ली-एनसीआर, यूपी और राजस्थान में भी बारिश के आसार

उत्तर-पश्चिम भारत में भी शनिवार को मौसम बदल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. पूर्वी राजस्थान में 17 अक्टूबर को छिटपुट बारिश की संभावना है. उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की आशंका है. पश्चिमी राजस्थान में इसी दिन 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.

दक्षिण भारत में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका

IMD के अनुसार, 17 से 22 अक्टूबर के दौरान तटीय कर्नाटक, केरल, माहे, लक्षद्वीप, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 19 अक्टूबर को भी बारिश के आसार हैं. तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और तेलंगाना में 22 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. केरल और माहे में 22 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. तटीय कर्नाटक में 17 से 19 अक्टूबर, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 18 से 22 अक्टूबर और लक्षद्वीप में 20 से 22 अक्टूबर के दौरान भारी बारिश की संभावना है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 21 और 22 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 17 से 20 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है. तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 17 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 18 अक्टूबर तक भारी बारिश की आशंका जताई गई है.

पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्‍ली-एनसीआर समेत समस्‍त उत्‍तर भारत में बारिश होने की संभावना बनी हुई है. (फाइल फोटो)

आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा

मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के कई राज्यों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 22 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर गरज के साथ बिजली गिर सकती है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने और झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक चलने की संभावना है. तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में 17 और 18 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने के आसार हैं. तेलंगाना में 20 अक्टूबर और कर्नाटक के उत्तरी तथा दक्षिणी आंतरिक हिस्सों में 18 अक्टूबर के दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं. तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में 17 से 18 अक्टूबर के बीच सतह पर तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है.

जम्‍मू-कश्‍मीर में भी बारिश की संभावना

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 18 अक्टूबर तथा 21 और 22 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 17 से 18 अक्टूबर के दौरान भी छिटपुट बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और स्थानीय मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी है.



Source link