Last Updated:
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अशोकनगर और गुना के दौरे पर हैं. कई जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका फूलमालाओं से स्वागत किया. वहीं अशोकनगर के कैथन तट पर सिंधिया कार्यकर्ताओं के साथ जमीन पर बैठकर भोजन करते हुए नजर आए. इस बारे में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स एक वीडियो पोस्ट किया है.
सिंधिया ने जमीन पर बैठकर कार्यकर्ताओं संग किया भोजन
राजनीतिक गलियारों में अक्सर वीआईपी संस्कृति और तड़क-भड़क देखने को मिलती है, लेकिन केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपनी सादगी से सबका दिल जीत लिया है. इन दिनों वे अपने संसदीय क्षेत्र गुना के दौरे पर हैं, जहां उनका एक अलग ही और सरल अंदाज देखने को मिला.
जमीन पर पालती मारकर बैठे सिंधिया
अशोकनगर में आयोजित एक अनूठी ‘टिफिन बैठक’ के दौरान सिंधिया ने जमीन पर बैठकर कार्यकर्ताओं के साथ भोजन किया. इस दौरान किसी प्रोटोकॉल की परवाह किए बिना सिंधिया आम कार्यकर्ताओं के ठीक बीच जमीन पर पालथी मारकर बैठे. कार्यकर्ताओं ने अपने घरों से लाए डिब्बों (टिफिन) से भोजन निकाला और एक साथ सहभोज किया. इस दौरान का माहौल पूरी तरह से पारिवारिक और अनौपचारिक नजर आया.
पार्टी की रणनीति को लेकर हुई चर्चा
इस टिफिन पार्टी का मुख्य उद्देश्य केवल भोजन करना ही नहीं, बल्कि आपसी संवाद को मजबूत करना था. भोजन के दौरान सिंधिया ने कार्यकर्ताओं के साथ बेहद सहजता से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं और पार्टी की रणनीति पर चर्चा की. इस तरह के आयोजनों से नेतृत्व और जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच की दूरियां मिटती हैं. पार्टी में एक नई ऊर्जा का संचार होता है.
गुना से सांसद हैं ज्योतिरादित्य सिंधिया
ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना से सांसद हैं और वह इस समय केंद्र में मंत्री हैं. उनकी ग्वालियर-चंबल संभाग में मजबूत पकड़ मानी जाती है. वह ग्वालियर के सिंधिया राजघराने से ताल्लुक रखते हैं. उनके दादा जीवाजी राव सिंधिया ग्वालियर के महाराज थे. लोग प्यार से ज्योतिरादित्य को भी महाराज बुलाते हैं. अब महाराज का ही इस तरह से जमीन पर बैठकर भोजन करना जनता से जुड़ा हुआ अंदाज एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है.