2016 में नौकरी गंवाई, फिर Netflix में हासिल किया बड़ा मुकाम, जानें कौन हैं भारतीय मूल की बेला बजारिया

2016 में नौकरी गंवाई, फिर Netflix में हासिल किया बड़ा मुकाम, जानें कौन हैं भारतीय मूल की बेला बजारिया


नेटफ्लिक्स ने अपनी चीफ कंटेंट ऑफिसर बेला बजारिया के जाने का ऐलान किया है. करीब एक दशक तक कंपनी के साथ रहीं बेला की जगह अब हॉलीवुड के अनुभवी एग्जिक्यूटिव पीटर राइस लेने जा रहे हैं. वह 26 अक्टूबर 2026 से इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे. यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब नेटफ्लिक्स को दर्शकों की घटती दिलचस्पी और कारोबार की रफ्तार को लेकर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है. कंपनी ने हाल ही में करीब 1,000 कर्मचारियों की छंटनी का भी ऐलान किया है.

नेटफ्लिक्स के शेयरों में भी इस साल की शुरुआत से गिरावट दर्ज की गई है. कंपनी के शेयरों में साल 2026 में अब तक 23% की गिरावट आई है. बेला बजारिया के कार्यकाल में नेटफ्लिक्स ने दुनियाभर की कहानियों को मंच देने के साथ लाइव स्पोर्ट्स और मनोरंजन प्रोग्राम में भी विस्तार किया. लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये है कि आखिर बेला बजारिया कौन हैं और उनका भारत से क्या रिश्ता है. साथ ही, उन्होंने मनोरंजन की दुनिया में इतना बड़ा मुकाम कैसे हासिल किया.

गुजराती परिवार से है नाता

बेला बजारिया का जन्म लंदन में एक गुजराती भारतीय परिवार में हुआ था. बचपन में उनका परिवार कई देशों में रहा. बेला ने कुछ समय जाम्बिया में अपने दादा-दादी के साथ भी रहीं. आठ साल की उम्र में वह लॉस एंजिल्स पहुंचीं. उनके पिता छोटे कारोबार चलाते थे और बेला ने बचपन से ही परिवार के काम में हाथ भी बंटाया. अलग-अलग संस्कृतियों के बीच पली-बढ़ीं बेला के लिए टीवी सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि उससे कहीं ज्यादा था. अमेरिकी टीवी शो के जरिए उन्होंने वहां की भाषा, समाज और जीवनशैली को समझा. साल 1991 में उन्होंने मिस इंडिया यूएसए और मिस इंडिया वर्ल्डवाइड का खिताब भी जीता. हालांकि, उनका असली लक्ष्य कैमरे के सामने आना नहीं, बल्कि पर्दे के पीछे रहकर कार्यक्रमों को बनाने और आगे बढ़ाने का था.

नेटफ्लिक्स तक कैसे पहुंचीं बेला?

बेला ने कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी, लॉन्ग बीच से कम्युनिकेशन की पढ़ाई की. साल 1995 में उन्होंने CBS में असिस्टेंट के तौर पर करियर शुरू किया. वहां करीब 15 साल काम करते हुए उन्होंने कई जिम्मेदारियां संभालीं और टीवी प्रोडक्शन की बारीकियां सीखीं. इसके बाद वह यूनिवर्सल टेलीविजन की प्रेसिडेंट बनीं. इस पद पर पहुंचने वाली वह अमेरिका के बड़े टीवी स्टूडियो में पहली अश्वेत महिला थीं. उनके कार्यकाल में The Mindy Project, Brooklyn Nine-Nine और Master of None जैसे सीरिज को बढ़ावा मिला.

साल 2016 में उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया है. इसके बाद बेला नेटफ्लिक्स से जुड़ीं. शुरुआत में उन्होंने अनस्क्रिप्टेड शो और कंटेंट लाइसेंसिंग पर काम किया. बाद में उन्हें इंटरनेशनल कंटेंट की जिम्मेदारी मिली. जनवरी 2023 में वह नेटफ्लिक्स की चीफ कंटेंट ऑफिसर बनीं और कंपनी के वैश्विक कंटेंट कारोबार का नेतृत्व करने लगीं.

कंटेंट स्ट्रैटजी में अहम भूमिका

बेला के नेतृत्व में नेटफ्लिक्स ने अलग-अलग देशों की कहानियों को ग्लोबल दर्शकों तक पहुंचाने पर जोर दिया. Squid Game, Bridgerton और Wednesday जैसे चर्चित सीरिज कंपनी की पहचान का हिस्सा बने. उनके कार्यकाल में नेटफ्लिक्स ने लाइव मनोरंजन और खेलों में भी अपनी मौजूदगी बढ़ाई. WWE के साप्ताहिक शो Raw और NFL से जुड़े शो के लिए हुए समझौते इस स्ट्रैटजी के उदाहरण हैं.

नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ टेड सारंडोस ने बेला के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कंपनी के कंटेंट का दायरा बढ़ाने और लाइव इवेंट्स व स्पोर्ट्स को मंच पर लाने में अहम भूमिका निभाई. बेला 2024 में कोका-कोला कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में भी शामिल हुईं.

कितनी है बेला बजारिया की नेटवर्थ?

बेला बजारिया की नेटवर्थ को लेकर पर कई मीडिया रिपोर्ट्स में 1.2 अरब डॉलर बताई गई है. वह एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की प्रभावशाली अधिकारियों में गिनी जाती रही हैं और उन्हें TIME, Variety तथा Fortune जैसी संस्थाओं की लिस्ट में पहचान मिली है. आपको बता दें कि बेला बजारिया की जगह अब पीटर राइस नेटफ्लिक्स के कंटेंट सेक्टर की कमान संभालेंगे. वह पहले डिज्नी और 21st Century Fox में सीनियर लेवल पर काम कर चुके हैं.



Source link