‘हम कॉम्पिटिशन से डरते नहीं, स्वागत करते हैं’, स्टारलिंक विवाद पर रिलायंस इंडस्ट्रीज का एलन मस्क को जवाब

‘हम कॉम्पिटिशन से डरते नहीं, स्वागत करते हैं’, स्टारलिंक विवाद पर रिलायंस इंडस्ट्रीज का एलन मस्क को जवाब


RIL Statement on Elon Musk Starlink: स्टारलिंक विवाद पर रिलायंस इंडस्ट्रीज ने एलन मस्क को जवाब दिया है. रिलायंस इंडस्ट्रीज ने साफ-साफ कहा कि कंपनी कभी कॉम्पिटिशन से डरती नहीं, बल्कि उसका स्वागत करती है. रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) ने आज यानी शुक्रवार को अपने बयान में कहा कि वह भारत के सैटेलाइट कम्युनिकेशन बाजार में एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक (Starlink) समेत सभी कंपनियों से प्रतिस्पर्धा का स्वागत करती है. हालांकि, कंपनी ने इस बात पर जोर दिया कि सभी ऑपरेटरों को देश के कानूनों और रेगुलेटरी नियमों का पालन करना होगा.

दरअसल, रिलायंस और भारतीय बाजार को लेकर हाल ही में की गई एलन मस्क की टिप्पणियों के बीच कंपनी ने एक बयान जारी किया. इस बयान में रिलायंस इंडस्ट्रीज ने कहा कि वह घरेलू और विदेशी कंपनियों के निवेश और इनोवेशन का समर्थन करती है, बशर्ते वे देश के कानूनों के दायरे में रहकर काम करें.

‘हम कॉम्पिटिशन का स्वागत करते हैं’

रिलायंस ने कहा, ‘हम सैटेलाइट कम्युनिकेशन में कॉम्पिटिशन (प्रतिस्पर्धा) का स्वागत करते हैं, जिसमें स्टारलिंक भी शामिल है. जियो समेत हर कंपनी को भारत के लोगों की सेवा करनी चाहिए और देश के कानूनों और नीतियों का पालन करना चाहिए.’

कंपनी ने यह भी बताया कि जियो की सैटेलाइट कम्युनिकेशन सेवाएं अभी रेगुलेटरी मंजूरी का इंतजार कर रही हैं. कंपनी ने जोर देकर कहा कि भारतीय और विदेशी आवेदकों…दोनों के लिए मंजूरी की प्रक्रिया एक जैसी होनी चाहिए.

‘जियो भी कर रही मंजूरी का इंतजार’

बयान में कहा गया, ‘जैसा कि भारत सरकार ने बताया है कि वह हर आवेदक के लिए एक जैसी प्रक्रिया अपनाती है, चाहे वह भारतीय हो या विदेशी. जियो की अपनी सैटेलाइट सेवाएं भी अभी मंजूरी का इंतजार कर रही हैं.’

रिलायंस ने कहा कि वह प्रतिस्पर्धा को ग्राहकों की सेवा करने का एक जरूरी हिस्सा मानती है. कंपनी ने 2016 में टेलीकॉम सेक्टर में जियो की एंट्री को अपने इसी नजरिए के एक उदाहरण के तौर पर पेश किया. कंपनी ने कहा, ‘रिलायंस ने कभी प्रतिस्पर्धा से डरना नहीं सीखा. हम इसे इस बात की सबसे सच्ची कसौटी मानते हैं कि ग्राहकों की सबसे अच्छी सेवा कौन करता है.’



Source link