खिचड़ी- खीर से हटकर, नवरात्रि में समक चावल से बनाएं ये 6 फलाहारी रेसिपी
Last Updated:
Samak Rice Recipe: नवरात्रि के व्रत में फलाहारी के लिए समक के चावल का इस्तेमाल किया जाता है. ज्यादातर घरों में समक के चावल की खिचड़ी और खीर बनायी जाती है. ये दोनों व्यंजन स्वादिष्ट होते हैं, लेकिन लगातार पांच दिन एक जैसा खाना खाकर मन ऊबने लगता है. ऐसे में अगर आप व्रत के दौरान कुछ नया और चटपटा खाने का मन बना रहे हैं, तो समक चावल से बनने वाली ये 5 डिशेज जरूर ट्राई करें.
समक चावल को व्रत में खाने के लिए एक अच्छा विकल्प माना जाता है. लेकिन इससे सिर्फ खिचड़ी और खीर ही नहीं बनती. बल्कि आप इससे टिक्की, पूरी, उपमा, डोसा और पुलाव जैसी कई चीजें बना सकते हैं. खासबात है कि इन रेसिपी को तैयार करने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत भी नहीं पड़ती. आलू, दही, मूंगफली और कुछ सामान्य मसालों की मदद से आप आसानी से इन्हें बना सकते हैं. यहां जानें सामाग्री समेत रेसिपी का कंप्लीट स्टेप.
समक चावल की टिक्की सामग्री– 1 कप पके हुए समक चावल, 2 उबले आलू, बारीक कटी हरी मिर्च और हरा धनिया, सेंधा नमक स्वादानुसार. सेंकने के लिए थोड़ा घी. विधि- एक बर्तन में पके समक चावल और उबले आलू डालकर अच्छी तरह मैश कर लें. इसमें हरी मिर्च, धनिया और सेंधा नमक मिलाएं. मिश्रण से छोटी-छोटी टिक्कियां बना लें. अब गर्म तवे पर थोड़ा घी लगाकर टिक्कियों को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें. हरी चटनी के साथ परोसें.
समक चावल की पूरी सामग्री– 1 कप समक चावल का आटा, 1 उबला आलू, सेंधा नमक स्वादानुसार, जरूरत के अनुसार पानी, तलने के लिए घी या तेल विधि– एक बर्तन में समक चावल का आटा, मैश किया हुआ आलू और सेंधा नमक मिलाएं. थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर सख्त आटा गूंथ लें. इसकी छोटी-छोटी पूरियां बेलें और गर्म घी या तेल में मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक तलें. अगर आटा बिखर रहा हो, तो उसमें थोड़ा और उबला आलू मिला सकते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
समक चावल का उपमा सामग्री- 1 कप समक चावल, 1 आलू, छोटे टुकड़ों में कटा हुआ, थोड़ी मूंगफली, जीरा, हरी मिर्च और सेंधा नमक, थोड़ा घी और पानी. विधि- कड़ाही में घी गर्म करके जीरा, हरी मिर्च, आलू और मूंगफली भूनें. अब समक चावल डालकर हल्का भून लें. इसमें जरूरत के अनुसार पानी और सेंधा नमक डालें. ढककर धीमी आंच पर चावल नरम होने तक पकाएं. गरमागरम उपमा तैयार है.
समक चावल का डोसा सामग्री- 1 कप समक चावल, आधा कप साबूदाना, सेंधा नमक स्वादानुसार, जरूरत के अनुसार पानी और थोड़ा घी. विधि- समक चावल और साबूदाने को कुछ घंटों के लिए पानी में भिगो दें. इसके बाद पानी निकालकर दोनों को पीसकर बैटर तैयार करें. बैटर को कुछ घंटे ढककर रखें. अब गर्म तवे पर बैटर को पतला फैलाएं और थोड़ा घी लगाकर दोनों तरफ से कुरकुरा होने तक सेंकें.
समक चावल का पुलाव सामग्री- 1 कप समक चावल, 1 आलू, थोड़ी मूंगफली और काजू, जीरा, हरी मिर्च और सेंधा नमक, 2 कप पानी और थोड़ा घी. विधि- सबसे पहले कड़ाही में घी गर्म करें और जीरा, हरी मिर्च, आलू, मूंगफली और काजू भून लें. अब समक चावल डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसमें पानी और सेंधा नमक डालकर ढक दें. धीमी आंच पर चावल के नरम होने और पानी सूखने तक पकाएं. तैयार पुलाव को हरे धनिये से सजाकर परोसें.