Last Updated:
Ayodhya Ram Mandir News : अयोध्या के राम मंदिर में रामलला को रोज नए और अलग-अलग रंगों के कपड़े पहनाने की परंपरा है, लेकिन इन दिनों इस व्यवस्था पर असर पड़ता दिख रहा है. कपड़ों की नियमित सप्लाई को लेकर सवाल उठने के बीच ट्रस्ट ने अयोध्या में ही कपड़े सिलवाने की योजना बनाई थी. इसके लिए सूरत से करीब 800 मीटर कपड़ा मंगवाने और स्थानीय टेलर को काम देने की तैयारी भी हुई, लेकिन आखिरी समय में इस पर रोक लग गई. आखिर रामलला के नए कपड़ों की व्यवस्था क्यों अटक गई? जानिए पूरा मामला.
रामलला के कपड़ों पर अब बवाल.
Ayodha Ram Mandir : राम मंदिर में विराजमान रामलला को हर दिन नए कपड़े पहनाने की परंपरा है. दिन के हिसाब से उनके कपड़ों का रंग भी अलग होता है. मगर, इन दिनों रामलला को रोज नए कपड़े नहीं पहनाए जा रहे हैं. इसकी वजह कपड़ों की नियमित आपूर्ति में आ रही परेशानी बताई जा रही है. इसी बीच, श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अयोध्या में ही रामलला के कपड़े सिलवाने की योजना भी फिलहाल रुक गई है.
दरअसल, 22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से उनके लिए रोज नए कपड़े तैयार किए जा रहे हैं. ये कपड़े दिल्ली के ड्रेस डिजाइनर मनीष त्रिपाठी की ओर से भेजे जाते रहे हैं. हालांकि, कुछ समय पहले ट्रस्ट ने रामलला के कपड़ों की सिलाई अयोध्या में ही कराने की योजना बनाई थी, ताकि स्थानीय स्तर पर कपड़े तैयार हो सकें.
सूरत से मंगवाना था कपड़ा
जानकारी के मुताबिक, ट्रस्ट ने रामलला के कपड़े तैयार कराने के लिए सूरत के एक कपड़ा व्यापारी को करीब 800 मीटर कपड़े का ऑर्डर दिया था. इसके अलावा मंदिर के पास स्थित पहाड़ी टेलर्स के बाबूलाल को कपड़ों की सिलाई के लिए तय किया गया था. कपड़ा आने से पहले ही इस योजना को रोकना पड़ा. राम मंदिर की धार्मिक समिति के सदस्य राजकुमार दास के मुताबिक, सूरत से मखमली कपड़ा मंगवाया जा रहा था. मंदिर के व्यवस्था प्रभारी आशीष अग्निहोत्री ने यह कहते हुए इसे रोक दिया कि रामलला को पहले इस तरह का कपड़ा नहीं पहनाया गया है. इसके बाद टेलर को भी सिलाई नहीं करने के लिए कह दिया गया.
क्या रामलला को रोज नहीं पहनाए जा रहे नए कपड़े?
रामलला के अर्चकों का कहना है कि इन दिनों उन्हें नियमित रूप से नए कपड़े नहीं पहनाए जा रहे हैं. कुछ खास दिनों को छोड़कर पुराने कपड़ों को धुलवाकर दोबारा पहनाया जा रहा है. हालांकि, ड्रेस डिजाइनर मनीष त्रिपाठी ने नियमित रूप से कपड़े भेजने का दावा किया है. उनका यह भी कहना है कि अयोध्या में ही कपड़े सिलवाने का सुझाव उन्होंने खुद ट्रस्ट को दिया था.
अब धार्मिक समिति की बैठक में होगा फैसला
रामलला के कपड़े कहां और किस तरह तैयार किए जाएंगे, इस पर अब धार्मिक समिति की बैठक में चर्चा होनी है. इसके बाद ही आगे की व्यवस्था तय की जाएगी. फिलहाल अयोध्या में ही कपड़े सिलवाने की योजना पर रोक लगी हुई है और रामलला को रोज नए परिधान पहनाने का सिलसिला भी प्रभावित बताया जा रहा है.