20-25 दिन की देरी और बुकिंग भी रद्द, ऋषिकेश में बारिश ने बिगाड़ा रिवर राफ्टिंग का खेल

20-25 दिन की देरी और बुकिंग भी रद्द, ऋषिकेश में बारिश ने बिगाड़ा रिवर राफ्टिंग का खेल


Last Updated:

ऋषिकेश में लगातार बारिश और खराब मौसम का असर रिवर राफ्टिंग कारोबार पर पड़ रहा है. राफ्टिंग एजेंसी संचालकों के मुताबिक, इस बार सीजन 20 से 25 दिन की देरी से शुरू हुआ और बार-बार राफ्टिंग बंद होने से पर्यटकों की बुकिंग रद्द हो रही हैं. कारोबार प्रभावित होने के बावजूद ड्राइवरों, गाइडों और हेल्पर्स की सैलरी सहित नियमित खर्च उठाने पड़ रहे हैं.

Top Deals Inside

ऋषिकेश: ऋषिकेश में मौसम बदलते ही रिवर राफ्टिंग के कारोबार पर भी असर पड़ने लगता है. कभी बारिश तो कभी गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण राफ्टिंग रोकनी पड़ती है. ऐसे में पर्यटकों को जहां राफ्टिंग का रोमांच अधूरा छोड़ना पड़ सकता है, वहीं कारोबारियों के सामने रोजगार को लेकर चिंता खड़ी हो जाती है. ऋषिकेश में राफ्टिंग का कारोबार काफी हद तक मौसम पर निर्भर करता है. मौसम अच्छा रहता है तो पर्यटकों की अच्छी भीड़ देखने को मिलती है, वहीं मौसम बिगड़ते ही कारोबार की रफ्तार भी थमने लगती है.

ऋषिकेश में रिवर राफ्टिंग के लिए पहुंचते हैं पर्यटक

ऋषिकेश देशभर में रिवर राफ्टिंग के लिए मशहूर है. यहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक गंगा की लहरों के बीच राफ्टिंग करने पहुंचते हैं. कई पर्यटक तो खास तौर पर इसी अनुभव के लिए ऋषिकेश आने का प्लान बनाते हैं. वहीं ऋषिकेश में रिवर राफ्टिंग सिर्फ पर्यटकों के मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह स्थानीय लोगों की आजीविका का भी एक बड़ा हिस्सा है.

बारिश से राफ्टिंग एजेंसी संचालकों को नुकसान

लोकल 18 के साथ बातचीत के दौरान ऋषिकेश में राफ्टिंग एजेंसी चलाने वाले ओम पाल सिंह ने बताया कि उनका व्यवसाय पूरी तरह से पर्यटन पर निर्भर है. इस बार बरसात शुरू होने के बाद से राफ्टिंग का काम लगातार प्रभावित हो रहा है, जिससे कभी दो दिन राफ्टिंग खुलती है तो कभी बंद हो जाती है. इसके कारण उन्हें और उनके कर्मचारियों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि गाड़ियों के ड्राइवरों, गाइडों, हेल्पर्स और ऑफिस का खर्च लगातार उठाना पड़ रहा है. सामान्य दिनों में जहां सुबह से दिन तक राफ्टिंग के एक-दो फेरे लग जाने चाहिए थे, वहीं इस बार बरसात और मौसम की खराबी के कारण पूरा दिन राफ्टिंग पूरी तरह से ठप पड़ी है.

20 से 25 दिन की देरी से शुरू हुआ राफ्टिंग सीजन

वहीं ऋषिकेश में आंद्रा आश्रम (गुरुद्वारे के पास) ‘ब्लू आइसबर्ग एडवेंचर’ नाम से रिवर राफ्टिंग एजेंसी चलाने वाले मनीष ने बताया कि इस बार पर्यटन सीजन और राफ्टिंग की शुरुआत लगभग 20 से 25 दिन की देरी से हुई है. सितंबर महीने से ही लगातार मौसम खराब रहने और बारिश होने के कारण राफ्टिंग बार-बार बंद करनी पड़ रही है, जिससे उनके व्यवसाय को भारी नुकसान हो रहा है.

हाल ही में ऋषिकेश एम्स के फेस्ट के कारण काफी छात्र राफ्टिंग के लिए आने वाले थे, लेकिन खराब मौसम की वजह से सभी बुकिंग रद्द हो गईं. व्यवसाय में मंदी के बावजूद ड्राइवरों, गाइडों और हेल्पर्स की सैलरी व ऑफिस के नियमित खर्च लगातार उठाने पड़ रहे हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे मौसम साफ रहें ताकि सभी का व्यापार बेहतर चल सके.



Source link