Last Updated:
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के IGIMS अस्पताल पहुंचकर विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने वहां भर्ती पूर्व राज्यसभा सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह से भी मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना.
पटना: बिहार के मुख्य मंत्री सम्राट चौधरी ने आईजीआईएमएस अस्पताल पहुंचकर वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की और उनकी सेहत का हालचाल जाना. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आईजीआईएमएस हॉस्पिटल जाकर नरेंद्र नारायण यादव से मुलाकात की और सेहत की जानकारी ली. उन्होंने X पर पोस्ट कर जानकारी दी आज IGIMS, पटना में बिहार विधानसभा के माननीय उपाध्यक्ष श्री नरेन्द्र नारायण यादव जी से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हालचाल एवं कुशलक्षेम जाना. ईश्वर से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं. इसके साथ ही उन्होंने आईजीआईएमएस में ही भर्ती वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह से मुलाकात के बाद उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली.
मधेपुरा के आलमनगर से विधायक और बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव इन दिनों पटना के आईजीआईएमएस (IGIMS) में भर्ती हैं. यहां अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश और बिहार विधान परिषद के सभापति डॉ. रामवचन राय सहित कई अन्य लोगों ने IGIMS पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. इस दौरान एक तस्वीर ने भी लोगों का खास ध्यान खींचा.
नरेंद्र नारायण यादव अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है. इसके बावजूद नरेंद्र नारायण यादव अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर अधिकारियों से बातचीत करते नजर आए. इलाजरत होने के बावजूद अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर नरेंद्र नारायण का जुझारूपन देखकर लोग चौंके. यह तस्वीर क्षेत्र के प्रति उनकी सक्रियता और जनसमस्याओं को लेकर उनकी गंभीरता को दर्शाती है. एक तरफ जहां उनके स्वास्थ्य को लेकर समर्थकों और शुभचिंतकों में चिंता बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर बीमारी के बीच भी क्षेत्र की समस्याओं पर उनकी नजर चर्चा का विषय बन गई है.
नरेंद्र नारायण यादव को फरवरी 2024 में विधानसभा के डिप्टी स्पीकर के तौर पर निर्विरोध चुना गया था. लगभग 75 की उम्र पार कर चुके नरेंद्र नारायण यादव 1990 के समय से मधेपुरा की आलमनगर सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. वह लगातार 7 बार से आलमनगर सीट से विधायक हैं. नरेंद्र नारायण यादव जेपी आंदोलन के समय के नेता हैं. उस दौर में राजनीति की शुरुआत करने वाले नरेंद्र नारायण यादव नीतीश कुमार के पसंदीदा नेताओं में गिने जाते हैं.