US Hindu Temple Attack Plot: अमेरिका के हिंदू मंदिर में नरसंहार की साजिश नाकाम, बंदूक चलाते ही हुई जाम, बाल-बाल बचे भारतीय


Last Updated:

US Temple Attack News: अमेरिका के इलिनॉय में हिंदुओं के खिलाफ एक साजिश नाकाम हो गई. मंदिर में भारतीयों की सामूहिक हत्या की साजिश का मामला सामने आया है. 19 साल का अलेक्जेंड्रोस पापोराकिस बंदूक लेकर मंदिर पहुंचा था. उसने गोली चलाने की कोशिश की लेकिन वह जाम हो गई. आरोपी को 11 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया. उस पर आतंकवादी धमकी देने और अवैध हथियार रखने के आरोप हैं.

Top Deals Inside

अमेरिका के हिंदू मंदिर में नरसंहार की साजिश नाकाम, बंदूक चलाते ही हुई जामZoom

अलेक्जेंड्रोस पापोराकिस.

US Hindu Temple Attack News: अमेरिका के इलिनॉय में एक हिंदू मंदिर में भारतीयों की बड़ी संख्या में हत्या करने की कथित साजिश का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, 19 साल का अमेरिकी नागरिक अलेक्जेंड्रोस पापोराकिस भारतीयों को निशाना बनाने के इरादे से अरोरा शहर के एक बड़े हिंदू मंदिर पहुंचा था. उसके पास राइफल, करीब 300 गोलियां और बुलेट प्रूफ जैकेट थी. आरोप है कि उसने गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन राइफल जाम हो गई. बाद में उसके एक सहकर्मी ने पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी इलिनॉय के पैलेटाइन का रहने वाला है और टाको बेल रेस्टोरेंट में कैशियर का काम करता है. पुलिस का कहना है कि उसने रविवार को अपनी मां के घर से निकलकर अरोरा स्थित मंदिर जाने का प्लान बनाया था. जांचकर्ताओं के मुताबिक, उसका इरादा बड़ी संख्या में भारतीयों की हत्या करना था.

मंदिर पहुंचा तो राइफल हो गई जाम

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास मॉडिफाइड AR-स्टाइल राइफल, करीब 300 गोलियां, शरीर की सुरक्षा के लिए बुलेट प्रूफ जैकेट, पेट्रोल के डिब्बे और स्वास्तिक के कई निशान वाली चीजें थीं. आरोप है कि मंदिर पहुंचने के बाद उसने गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन उसकी राइफल जाम हो गई. इसके बाद वह वहां से चला गया. जांचकर्ताओं के मुताबिक, उसने इंटरनेट पर यह भी खोजा कि जाम हुई बंदूक को दोबारा कैसे चलाया जाए. इसके बाद उसने अपने साथ काम करने वाले एक व्यक्ति को फोन किया और कथित तौर पर मंदिर में लोगों को निशाना बनाने का अपना प्लान बताया. मामले से परिचित सूत्रों ने अमेरिकी मीडिया एनबीसी न्यूज को बताया कि सहकर्मी ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद 11 अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.

आरोपी पर आतंकवादी धमकी देने के आरोप

पैलेटाइन पुलिस प्रमुख विलियम नॉर्ड ने कहा कि इस खतरे की गंभीरता को कम करके नहीं देखा जा सकता. उन्होंने कहा कि पूजा स्थलों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है. आरोपी पर गंभीर अपराध की श्रेणी में आने वाले आतंकवादी धमकी देने और गैरकानूनी तरीके से हथियार रखने के आरोप लगाए गए हैं. बुधवार को रोलिंग मीडोज में सुनवाई के दौरान जज ने आरोपी को बिना जमानत रिहा किए हिरासत में रखने का आदेश दिया. अदालत ने उसके स्वास्थ्य को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए. सुनवाई में बताया गया कि आरोपी का ADHD, अवसाद और चिंता जैसी समस्याओं के लिए इलाज चल रहा है. मामले में अगली सुनवाई 30 अक्टूबर को होनी है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित साजिश के पीछे क्या वजह थी और आरोपी ने हमले की तैयारी किस हद तक कर ली थी.



Source link