Who is IAS Praveen Gupta, IAS Story: किस IAS पर भड़के ठेकेदार, PWD ऑफिस पर जड़ दिया ताला, कौन हैं प्रवीण गुप्ता?

Who is IAS Praveen Gupta, IAS Story: किस IAS पर भड़के ठेकेदार, PWD ऑफिस पर जड़ दिया ताला, कौन हैं प्रवीण गुप्ता?


IAS Praveen Gupta Biography: राजस्थान की राजधानी जयपुर में सार्वजनिक निर्माण विभाग यानी PWD के मुख्यालय पर ऐसा हंगामा हुआ कि कई बड़े अफसरों और कर्मचारियों को अपनी गाड़ियां दफ्तर में ही छोड़कर घर जाना पड़ा. वजह थी मुख्य गेट पर लगा ताला. यह ताला किसी सरकारी आदेश पर नहीं, बल्कि विभाग से जुड़े नाराज ठेकेदारों ने लगाया था. ठेकेदारों का आरोप है कि महीनों से उनके काम का भुगतान नहीं हो रहा और भुगतान की फाइलें विभाग के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रवीण गुप्ता के स्तर पर अटकी हुई हैं. नाराज ठेकेदारों ने उनके खिलाफ नारेबाजी भी की. इसके बाद 1995 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रवीण गुप्ता एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं. आखिर कौन हैं प्रवीण गुप्ता, कहां के रहने वाले हैं, कितने पढ़े-लिखे हैं, कब आईएएस बने और राजस्थान में किन-किन बड़े पदों पर काम कर चुके हैं?

किस IAS अफसर पर भड़के ठेकेदार?

ठेकेदारों की नाराजगी का केंद्र राजस्थान कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रवीण गुप्ता हैं.प्रवीण गुप्ता वर्तमान में राजस्थान सरकार के सार्वजनिक निर्माण विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव यानी एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (ACS) के पद पर कार्यरत हैं.ठेकेदारों का आरोप है कि विभाग के अन्य अधिकारी भुगतान से जुड़ी फाइलें आगे भेज देते हैं, लेकिन प्रवीण गुप्ता के स्तर पर ये फाइलें लंबित रह जाती हैं.प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इसी वजह से उनके भुगतान में कई महीनों की देरी हो रही है.

‘प्रवीण गुप्ता हटाओ, PWD बचाओ’ के पोस्टर

PWD मुख्यालय में प्रदर्शन करने पहुंचे ठेकेदारों ने विरोध का एक अलग तरीका भी अपनाया.कई ठेकेदार टी-शर्ट पहनकर कार्यालय परिसर में पहुंचे थे. इन टी-शर्ट के पीछे विरोध से जुड़े पोस्टर लगाए गए थे.पोस्टरों पर लिखा था, ‘प्रवीण गुप्ता हटाओ, PWD बचाओ.’प्रदर्शनकारी ठेकेदारों ने विभाग में लंबित भुगतान का मुद्दा उठाते हुए वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ नाराजगी जताई.उनका कहना था कि बार-बार शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद भुगतान नहीं होने से उन्हें यह कदम उठाना पड़ा.

कौन हैं IAS प्रवीण गुप्ता?

प्रवीण गुप्ता राजस्थान कैडर के 1995 बैच के वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं.वे यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से सीधे आईएएस सेवा में चुने गए थे.तीन दशक से ज्यादा लंबे प्रशासनिक करियर में वे राजस्थान सरकार के कई महत्वपूर्ण विभागों में काम कर चुके हैं.उन्होंने जिला प्रशासन से लेकर राज्य स्तर के बड़े विभागों तक जिम्मेदारियां संभाली हैं. प्रवीण गुप्ता राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी, जिला कलेक्टर, मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव और विभिन्न विभागों में सचिव तथा प्रमुख सचिव जैसे पदों पर सेवाएं दे चुके हैं.वर्तमान में वे सार्वजनिक निर्माण विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

कब हुआ जन्म और कहां के रहने वाले हैं प्रवीण गुप्ता?

आईएएस प्रवीण गुप्ता का जन्म 19 मार्च 1969 को हुआ था. वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं. आईएएस प्रवीण गुप्ता की शैक्षणिक योग्यता भी चर्चा का विषय रही है. उन्होंने टेक्निकल एजुकेशन के साथ विज्ञान, अर्थशास्त्र और सार्वजनिक वित्त से संबंधित उच्च शिक्षा प्राप्त की है. उन्होंने बीटेक किया और भौतिक विज्ञान में एमएससी है.इसके अलावा उन्होंने अर्थशास्त्र में एमए भी किया है. उन्होंने इंटरनेशनल डेवलपमेंट पॉलिसी में मास्टर डिग्री भी की है.

1995 में बने IAS, राजस्थान कैडर में मिली नियुक्ति

प्रवीण गुप्ता ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा में प्रवेश किया.वे वर्ष 1995 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और उन्हें राजस्थान कैडर मिला.आईएएस बनने के बाद उन्होंने राजस्थान में अलग-अलग जिलों और विभागों में काम किया.वर्ष 2026 तक उनका प्रशासनिक करियर लगभग 31 वर्ष का हो चुका है.इतने लंबे सेवाकाल में वे जिला प्रशासन, राजस्व, वित्त, चुनाव प्रबंधन और अन्य महत्वपूर्ण विभागों से जुड़े रहे हैं.उनके सेवा रिकॉर्ड में विभागीय जांच आयुक्त, राजस्व सदस्य, सचिव, आयुक्त, परियोजना निदेशक, मुख्य निर्वाचन अधिकारी, प्रमुख सचिव और अतिरिक्त मुख्य सचिव जैसे पदों का उल्लेख मिलता है.

जयपुर, झालावाड़ और भरतपुर के कलेक्टर भी रह चुके हैं

प्रवीण गुप्ता ने अपने प्रशासनिक करियर में कई जिलों में जिला कलेक्टर और जिला मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी संभाली है. वे जयपुर, झालावाड़ और भरतपुर के जिला कलेक्टर रह चुके हैं.प्रवीण गुप्ता ने इन जिलों में काम करने के बाद राज्य सरकार के बड़े विभागों में भी जिम्मेदारियां निभाईं.

मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव भी रहे

प्रवीण गुप्ता के प्रशासनिक करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव मुख्यमंत्री कार्यालय यानी CMO से जुड़ा रहा है.वे राजस्थान के मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव के पद पर भी काम कर चुके हैं. इसके अलावा प्रवीण गुप्ता राज्य सरकार में सचिव और प्रमुख सचिव जैसे वरिष्ठ पदों पर भी रहे हैं.उनका अनुभव केवल जिला प्रशासन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राज्य स्तर की नीति और प्रशासनिक व्यवस्था से भी जुड़ा रहा है.प्रवीण गुप्ता राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी यानी चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर (CEO) भी रह चुके हैं.

जयपुर के PWD ऑफिस में आखिर क्या हुआ?

जयपुर के सार्वजनिक निर्माण विभाग के मुख्य कार्यालय में मंगलवार शाम उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब विभाग से जुड़े ठेकेदारों ने मुख्य गेट पर ताला लगा दिया.आमतौर पर शाम को कार्यालय का काम खत्म होने के बाद अधिकारी और कर्मचारी अपनी गाड़ियों से घर लौटते हैं लेकिन उस दिन जैसे ही वे परिसर से बाहर निकलने लगे उन्हें पता चला कि मुख्य गेट बंद है.गेट पर ताला होने के कारण परिसर की पार्किंग में खड़ी गाड़ियां बाहर नहीं निकल सकीं.कुछ ही देर में मुख्य द्वार के पास वाहनों की कतार लग गई. अधिकारियों और कर्मचारियों को काफी समय तक इंतजार करना पड़ा.ठेकेदारों का कहना था कि वे लंबे समय से अपने लंबित भुगतान की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही. इसी नाराजगी में उन्होंने विरोध का यह तरीका अपनाया.



Source link