Last Updated:
Khandwa Milk Tanker Overturn: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में महाराष्ट्र की ओर जा रहा एक दूध टैंकर पलट गया. फिर देखते ही देखते गांव-वालों में दूध लूटने की होड़ मच गई. लोग अलग-अलग बर्तनों में दूध को भरते हुए नजर आए. बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को हटाया गया. फिर टैंकर को क्रेन की मदद से सीधा किया गया.
खंडवा में पलटा दूध का टैंकर
खंडवा जिले में इंदौर-एदलाबाद नेशनल हाईवे पर बुधवार को एक अजीब नजारा देखने को मिला. जब मोकलगांव के पास दूध से भरा एक टैंकर पलट गया, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और दूध की लूट मच गई. आस-पास गांवों के लोग अलग-अलग बर्तन लेकर पहुंचे और टैंकर में से दूध भरने लगे. अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
बताया जा रहा है कि टैंकर इंदौर से महाराष्ट्र की ओर जा रहा था. मोकलगांव के पास तेज रफ्तार के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और टैंकर सड़क किनारे पलट गया. जैसे ही टैंकर पलटा, तो वह कुछ घिटसकर गया. फिर टैंकर का चेंबर फट गया और हजारों लीटर दूध सड़क पर बहने लगा. दूध बहता देख आसपास के गांवों से लोग दौड़ पड़े और उनमें दूध लूटने की होड़ मच गई.
अलग-अलग बर्तन लेकर पहुंचे लोग
इस दौरान कोई बाल्टी लेकर पहुंचा, तो कोई डिब्बा, भगोना और कैन लेकर पहुंचा. देखते ही देखते लोगों ने सड़क पर बह रहे दूध को बर्तनों में भरना शुरू कर दिया. कुछ लोग तो टैंकर के अंदर घुसकर दूध निकालते नजर आए. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग सड़क पर बिखरे दूध को भरकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं. कई लोग आपस में एक-दूसरे को उलाहना भी देते नजर आए की जल्दी दूध भरो. हमें भी भरना है.
हाईवे पर लगा जाम
हादसे के कारण हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा. दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. इससे आने-जाने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. सूचना मिलने पर पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग की टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाया. बाद में क्रेन की मदद से पलटे टैंकर को सीधा कर सड़क किनारे किया गया, तब जाकर यातायात सुचारू हो सका. हादसे में टैंकर के चालक को मामूली चोटें आई हैं. उसका पास के अस्पताल में इलाज किया गया.