Last Updated:
Chhachh Benefits: बॉलीवुड और हॉलीवुड में अपनी पहचान बना चुकीं प्रियंका चोपड़ा जोनस अपनी रोजाना की डाइट में छाछ शामिल करती हैं. 43 साल की प्रियंका इन दिनों एसएस राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ की शूटिंग के लिए हैदराबाद में हैं. हाल ही में उन्होंने YouTube पर मिथिकल किचन पॉडकास्ट में बताया कि उन्हें महाराष्ट्र की छाछ और साउथ इंडियन स्टाइल बटरमिल्क बहुत पसंद है, और वो इसे लगभग रोज पीती हैं.
गर्मियों में छाछ पीना भारतीय खानपान की पुरानी परंपरा रही है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर मौसम में रोज छाछ पीने से सेहत को कई फायदे मिल सकते हैं? दक्षिण भारत में इसे खास तरीके से तैयार किया जाता है. छाछ में करी पत्ता, अदरक और हींग जैसी चीजें मिलाई जाती हैं, जो इसके स्वाद के साथ पाचन के लिए भी फायदेमंद हो सकती हैं. आइए जानते हैं कि रोज छाछ पीने से शरीर को क्या फायदे मिलते हैं और इसे पीते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए. (फोटो क्रेडिट- इंस्टाग्राम @priyankachopra)
पाचन को बेहतर बनाने में मददगार- छाछ में प्रोबायोटिक्स यानी लाभकारी बैक्टीरिया होते हैं, जो आंतों की सेहत को बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं. ये पाचन क्रिया को सपोर्ट करते हैं और पेट को स्वस्थ रखने में मदद कर सकते हैं. यही वजह है कि कई लोग खाने के बाद छाछ पीना पसंद करते हैं. साउथ इंडियन स्टाइल छाछ में अदरक, करी पत्ता और हींग मिलाई जाती है. ये सामग्री गैस और पेट फूलने जैसी समस्याओं को कम करने में मदद कर सकती हैं.
शरीर को रखती है हाइड्रेटेड- छाछ में पानी के साथ पोटैशियम जैसे जरूरी मिनरल्स भी होते हैं. पसीने के कारण शरीर से निकलने वाले तरल और कुछ इलेक्ट्रोलाइट्स की भरपाई करने में यह मदद करती है. गर्म मौसम में या लंबे समय तक काम करने के दौरान छाछ पीना एक अच्छा विकल्प हो सकता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
कैल्शियम और विटामिन बी का स्रोत- छाछ में कैल्शियम और विटामिन बी समूह के कुछ विटामिन पाए जाते हैं. कैल्शियम हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाए रखने के लिए जरूरी है. वहीं, विटामिन बी शरीर में ऊर्जा के इस्तेमाल समेत कई महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं में भूमिका निभाते हैं. छाछ में इन पोषक तत्वों की मात्रा बनाने के तरीके के अनुसार अलग-अलग हो सकती है.
वजन और ब्लड शुगर मैनेजमेंट में मदद- छाछ आमतौर पर कई मीठे और पैकेज्ड पेय पदार्थों के मुकाबले कम कैलोरी वाली होती है. इसमें प्रोटीन भी होता है, जो पेट भरा हुआ महसूस कराने में मदद कर सकता है. बिना चीनी वाली छाछ को संतुलित डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है. हालांकि, यह वजन घटाने या ब्लड शुगर कंट्रोल करने का अकेला उपाय नहीं है.
शरीर को देती है ठंडक- छाछ में पानी की अच्छी मात्रा होने के कारण यह शरीर को तरोताजा रखने में मदद करती है. इसमें भुना जीरा और थोड़ा सा नमक मिलाने से इसका स्वाद बढ़ जाता है. हालांकि, हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों को नमक की मात्रा सीमित रखनी चाहिए.
रोज छाछ पीते समय रखें ध्यान- छाछ को रोजाना डाइट में शामिल किया जा सकता है. इसे खाने के बाद पीना कई लोगों के लिए अच्छा विकल्प है. लेकिन लैक्टोज इनटॉलरेंस वाले लोगों को इसे पीने के बाद होने वाली परेशानी पर ध्यान देना चाहिए. अगर छाछ से गैस, पेट दर्द या दस्त जैसी समस्या हो, तो इसका सेवन सीमित करें या डॉक्टर से सलाह लें.