Last Updated:
Vidisha Mohangiri Tiraha Jhanki: विदिशा के मोहनगिरी तिराहे पर इस बार नवरात्रि में 120 फीट क्षेत्र में रेलवे स्टेशन का अनोखा स्वरूप तैयार किया गया है. इस झांकी में 10 डिब्बों वाली ट्रेन में नौ देवियां विराजमान हैं. ट्रेन के इंजन में चालक के रूप में भगवान भोलेनाथ और आखिरी डिब्बे में गार्ड के रूप में नंदी बैठे हैं.
नवरात्रि पर्व के दौरान विदिशा के मोहनगिरी में बनी एक अनूठी झांकी लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. मोहनगिरी तिराहा झांकी समिति ने 120 फीट के क्षेत्र में विदिशा रेलवे स्टेशन का पूरा स्वरूप तैयार किया है.
यहां पटरी बिछाकर पूरी ट्रेन खड़ी की गई है. इस ट्रेन में कुल 10 डिब्बे और एक इंजन लगाया गया है. ट्रेन के इंजन में भगवान भोलेनाथ चालक के रूप में विराजमान हैं. इसके 9 डिब्बों में माता रानी के नौ अलग-अलग स्वरूपों की सुंदर झांकी सजाई गई है. वहीं ट्रेन के आखिरी डिब्बे में नंदी गार्ड के रूप में बैठे हुए हैं.
झांकी के संरक्षक सोहन सिंह राजपूत ने बताया कि समिति के 7-8 मुख्य सदस्यों ने मिलकर यह योजना बनाई थी. इस पूरी झांकी को तैयार करने का अनुमानित बजट लगभग 6 से 7 लाख रुपये आया है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इस अनोखी झांकी को देखने के लिए श्रद्धालुओं को बरीपुरा चौराहे से बिल्कुल सीधा आना होगा. समिति द्वारा यहां आने वाले सभी श्रद्धालुओं को निशुल्क टिकट दिया जा रहा है. यह टिकट पुराने ज़माने के रेलवे टिकट की तर्ज पर बनाया गया है.
सोनू राजपूत के अनुसार, आजकल के बच्चे इंस्टाग्राम और सोशल मीडिया में व्यस्त रहते हैं. उन्होंने पुराने समय के टिकट, पुराने इंजन और ट्रेन के डिब्बे नहीं देखे हैं. नई पीढ़ी को पुरानी वस्तुओं से अवगत कराना ही इस झांकी का मुख्य उद्देश्य है.
धार्मिक आस्था के साथ-साथ इस झांकी से सामाजिक सुधार का संदेश भी दिया जा रहा है. यहां बैनर के ज़रिए नदियों को स्वच्छ रखने और जलजीवों की रक्षा करने की अपील की गई है. इसके अलावा बच्चों की सुरक्षा के लिए ‘गुड टच और बैड टच’ के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया है.