Last Updated:
जबलपुर के सिविल लाइन इलाके में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के बंगले के पास लूट की कोशिश का मामला सामने आया है. रांझी निवासी वैभव दुबे से धारदार चाकू से लैस पांच बदमाशों ने लूट का प्रयास किया. सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सिविल लाइन पुलिस जांच में जुटी है.
जबलपुर में लूट के प्रयास का सीसीटीवी फुटेज.
Jabalpur Crime News: जबलपुर में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं. शहर के हाई प्रोफाइल सिविल लाइन इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के बंगले के पास अपराधियों ने लूट की कोशिश की. इस घटना ने पूरे शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
घर लौट रहे युवक को बनाया निशाना
यह पूरी वारदात जबलपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है. जानकारी के मुताबिक, रांझी निवासी वैभव दुबे अपने काम के बाद घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और उनके साथ लूट का प्रयास किया.
धारदार चाकू से लैस थे बदमाश
पीड़ित के अनुसार, हमलावर बदमाशों के पास धारदार चाकू मौजूद थे. आरोपियों ने चाकू दिखाकर वैभव दुबे को डराने और लूटने की कोशिश की. वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे बदमाशों ने एक्टिवा सवार वैभव दुबे को रोक, जिसके बाद वह अकेले ही बदमाशों पर टूट पड़े. हाथापाई के बाद बदमाशों को वहां से खाली हाथ लौटना पड़ा.
CCTV फुटेज में दिखे 5 संदिग्ध
वारदात के बाद घटना का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है. इस फुटेज में पांच संदिग्ध आरोपी साफ दिखाई दे रहे हैं. हाई प्रोफाइल इलाके में हुई इस वारदात के बाद से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है. सिविल लाइन पुलिस फुटेज के आधार पर सभी संदिग्धों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुट गई है. मामले की जांच को लेकर सिविल लाइन थाना प्रभारी शशि धुर्वे ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का लगातार प्रयास कर रही है.