Last Updated:
Home@Noida Expressway : वैसे तो दिल्ली-एनसीआर में प्रॉपर्टी की कीमतें हर तरफ बढ़ रही हैं, लेकिन नोएडा एक्सप्रेसवे का इलाका इस मामले में काफी आगे निकल गया. इस क्षेत्र में बीते 4 साल में प्रापर्टी के रेट सवा तीन गुना से भी ज्यादा बढ़ चुका है. गुरुग्राम लग्जरी प्रोजेक्ट के मामले में तो मुंबई से भी आगे निकल गया है.
नोएडा एक्सप्रेसवे पर 4 साल में प्रॉपर्टी के रेट सबसे ज्यादा बढ़े हैं.
नई दिल्ली. दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में मकान खरीदना आम आदमी के बस की बाहर की चीज होती जा रही है. यहां मकानों की बढ़ती डिमांड और इन्फ्रा की लागत में उछाल की वजह से कीमतें हर साल तेजी से बढ़ रही हैं. डिमांड इस कदर है कि अब इनवेंटरी 44 महीने से घटकर 12 महीने पर आ गई है. कई ऐसे इलाके हैं, जहां हर साल कीमत दोगुनी हो रही है. गुरुग्राम का रियल एस्टेट तो पहले ही आसमान छूने लगा है. नोएडा एक्सप्रेसवे पर तो मकानों की कीमतें चार साल में सवा तीन गुना महंगी हो चुकी है.
प्रॉपर्टी एनालिटिक फर्म प्रॉपइक्विटी का कहना है कि नोएडा एक्सप्रेसवे पर 4 साल पहले जिस मकान की कीमत 1 करोड़ रुपये थी, आज वह 3.25 करोड़ रुपये से भी ज्यादा का हो चुका है. यहां साल 2021 से 2025 के बीच प्रॉपर्टी का रेट काफी तेजी से चढ़ा है. एनसीआर के एक और शहर गुरुग्राम में हाउसिंग लॉन्च की कीमत तो 1.38 लाख करोड़ रुपये को पार कर चुकी है. एनसीआर के बाजार में प्रीमियम घरों की कीमत लगातार बढ़ती जा रही है.
सबसे ज्यादा उछाल नोएडा एक्सप्रेसवे पर
प्रॉपइक्विटी ने बताया है कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर प्रॉपर्टी की कीमतों में सबसे ज्यादा उछाल आया है. यहां 2021 में जिस प्रॉपर्टी की कीमत 6,600 रुपये प्रति वर्गफुट थी, वह अब बढ़कर 21,500 रुपये प्रति वर्गफुट पहुंच गया है. यह करीब 225 फीसदी का उछाल है. साल 2021 में यहां 1,000 वर्गफुट के मकान की कीमत 66 लाख रुपये थी, वह साल 2025 में बढ़कर 2.15 करोड़ रुपये पहुंच गई थी. हालांकि, यह उछाल सभी जगहों पर नहीं था लेकिन कुछ जगहों पर कीमतों में सबसे ज्यादा तेजी आई है.
तेजी से घट रही इनवेंटरी
प्रॉपइक्विटी का कहना है कि एनसीआर के ज्यादातर शहरों में अब इनवेंटरी काफी कम हो गई है. साल 2010 में जहां डेवलपर्स ने 1.67 लाख यूनिट लॉन्च की थी, वहीं 2025 तक यह संख्या घटकर 49 हजार पर आ गई. इस दौरान हर साल करीब 43 हजार मकानों की औसत बिक्री होती रही. इस दौरान कीमतों में लगातार उछाल आता रहा और डिमांड पर भी इसका असर दिखा.
गुरुग्राम का अलग ही जलवा
गुरुग्राम के रियल एस्टेट बाजार में मकानों की लॉन्चिंग भले ही संख्या में कम रही लेकिन इसकी कीमतों ने रिकॉर्ड बना दिया. यहां साल 2025 में करीब 23,809 यूनिट लॉन्च की गई जिसकी कुल कीमत 1.38 लाख करोड़ रुपये रही. लॉन्चिंग के लिहाज से यह देश का सबसे बड़ा रियल एस्टेट बाजार था. एनसीआर के सभी शहरों के मिलाकर इस दौरान 50,167 यूनिट लॉन्च की गई, जिसकी कीमत 2.16 लाख करोड़ रुपये रही. इसमें लग्जरी प्रॉपर्टी ने बड़ी भूमिका निभाई. साल 2025 में गुरुग्राम में 5 करोड़ से ज्यादा कीमत वाली 7,430 यूनिट लॉन्च की गई. इसी दौरान मुंबई में 5,710 यूनिट लॉन्च हुई थी.