Last Updated:
सोनीपत के मुरथल में सुखदेव ढाबे से खाना खाकर लौट रहे युवकों की कार बहालगढ़ फ्लाईओवर के पास खराब हो गई. कार को धक्का लगा रहे दो युवकों को तेज रफ्तार कैंटर ने कुचल दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई.
मुरथल में ट्रक ने दो युवकों को रौंदा.
सोनीपत. हरियाणा के सोनीप के मुरथल के ढाबों के स्वाद के लिए लोग दूर दूर से आते हैं. ऐसे ही तीन युवक भी पहुंचे थे, लेकिन तीन में दो की मौत हो गई. सुखदेव ढाबे पर खाना खाकर घर लौट रहे परिवार की खुशियां बहालगढ़ फ्लाईओवर के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे से मातम में बदल गईं.
दरअसल, देर रात पानीपत-दिल्ली मार्ग पर कार खराब होने के कारण उसे धक्का लगा रहे युवक व उनके ममेरे भाई को तेज रफ्तार कैंटर ने कुचल दिया. हादसे में विशाल और प्रतीक कुमार घायल हो गए. दोनों को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल, सोनीपत ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया.
दिल्ली के बवाना स्थित अस्थल कॉलोनी निवासी विकास ने बताया कि मंगलवार देर रात वह अपनी पत्नी लक्ष्मी, भाई विशाल, बहन नीलम और मामा के बेटे प्रतीक कुमार के साथ कार में सवार होकर मुरथल के सुखदेव ढाबे पर खाना खाने आए थे. खाना खाने के बाद सभी घर लौट रहे थे. देर रात बहालगढ़ फ्लाईओवर पार करने के बाद उनकी कार तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गई. इसके बाद विशाल और प्रतीक कार से उतरकर पीछे से उसे धक्का लगाने लगे.
विकास के अनुसार काफी प्रयास के बाद भी कार स्टार्ट नहीं हुई तो विशाल और प्रतीक उसके पास आने के लिए आगे बढ़े. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे कैंटर ने कार के पिछले दाहिने पहिये में टक्कर मार दी. इसके बाद कैंटर ने कार के पास खड़े दोनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे. हादसे के तुरंत बाद विकास और उनके परिजनों ने नीचे उतरकर दोनों को संभाला. दोनों के शरीर से खून बह रहा था.
परिजन गुलफाम ने बताया कि कैंटर की गति अधिक होने के कारण वह उसका नंबर नहीं देख सका. एक राहगीर की मदद से एंबुलेंस की व्यवस्था की गई और दोनों को सरकारी अस्पताल, सोनीपत पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.
– पुलिस जांच अधिकारी एएसआई सुरजीत ने बताया कि प्रतीक और विशाल सुखदेव ढाबे पर खाना खाकर वापस जा रहा थे. दोनों परिवार के साथ खाना खाकर वापस दिल्ली जा रहे थे, उसी दौरान बहालगढ़ के पास गाड़ी खराब हो गई और जैसी गाड़ी को धक्का देने लगे तो अज्ञात कैंटर चालक ने दोनों को टक्कर मार दी. जिसके बाद दोनों की मौत हो गई.अज्ञात कैंट चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले में जांच शुरू कर दी गई है जल्द ही कैंटर चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.