जमशेदपुर. इन दिनों लोगों के बीच डेजर्ट में चीजकेक का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है. खासकर युवाओं को बिस्कॉफ, नुटेला, ब्लूबेरी और स्ट्रॉबेरी जैसे फ्लेवर खूब पसंद आ रहे हैं. आमतौर पर बड़े होटलों और रेस्टोरेंट में चीजकेक खाने के लिए 400 से 500 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं, लेकिन जमशेदपुर में अब आप मात्र 110 रुपये से ही अलग-अलग फ्लेवर के चीजकेक का स्वाद ले सकते हैं. खास बात यह है कि इस छोटे से स्टार्टअप की शुरुआत शहर की तीन बहनों कायनात, जोया और सना ने मिलकर की है.
शाम को सजता है स्टॉल
इन तीनों बहनों ने अपने शौक को एक छोटे से बिजनेस में बदलने का फैसला किया और ‘द चीजकेक कॉर्नर’ (The Cheesecake Corner) की शुरुआत की. इनका यह छोटा सा सेटअप जमशेदपुर के साकची स्थित जुबली पार्क रोड पर लगाया जाता है, जहां शाम 6 बजे से लोग चीजकेक का स्वाद लेने पहुंच सकते हैं. यहां कम कीमत में अलग-अलग फ्लेवर के चीजकेक उपलब्ध हैं, जो लोगों को खूब आकर्षित कर रहे हैं.
कई फ्लेवर में मिलता है चीजकेक
द चीजकेक कॉर्नर की खासियत है कि यहां ग्राहकों को अपनी पसंद के कई फ्लेवर चुनने का मौका मिलता है. इसमें बिस्कॉफ, नुटेला, ब्लूबेरी, पिस्ता और स्ट्रॉबेरी जैसे फ्लेवर शामिल हैं. शुरुआती कीमत मात्र 110 रुपये रखी गई है, जिससे लोग बिना ज्यादा खर्च किए इस खास डेजर्ट का आनंद ले सकते हैं. इनकी फ्रेशनेस और स्वाद लोगों को पसंद आ रहा है. यही वजह है कि यहां ग्राहकों की अच्छी भीड़ देखने को मिलती है.
शादी के बाद भी बहनों को आगे बढ़ाने का सपना
कायनात ने बताया कि उनकी शादी हो चुकी है, लेकिन वह चाहती हैं कि उनकी दोनों बहनें जोया और सना भी जिंदगी में आगे बढ़ें और अपने पैरों पर खड़ी हों. वह कम उम्र से ही अपनी बहनों को बिजनेस का अनुभव दिलाना चाहती हैं, ताकि वे सिर्फ पढ़ाई तक सीमित न रहें, बल्कि पढ़ाई के साथ-साथ काम करने, लोगों से जुड़ने और खुद कुछ शुरू करने की सीख भी लें. उनका मानना है कि जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए पढ़ाई के साथ अनुभव भी बेहद जरूरी है.
खाने और बेकिंग के शौक को बनाया कमाई का जरिया
तीनों बहनों को खाने-पीने और बेकिंग का काफी शौक है. इसी शौक को उन्होंने एक नए अवसर में बदल दिया. घर में पसंद से शुरू हुआ बेकिंग का अनुभव अब बाजार तक पहुंच चुका है. उनका उद्देश्य सिर्फ चीजकेक बेचना ही नहीं, बल्कि अपने काम के जरिए कुछ नया सीखना और अपनी पहचान बनाना भी है.
दो घंटे में बिक जाते हैं 80 पैकेट
कायनात के मुताबिक, ग्राहकों को उनके चीजकेक का स्वाद और ताजगी काफी पसंद आ रही है. यही कारण है कि कई बार महज दो घंटे के अंदर ही 80 पैकेट चीजकेक बिक जाते हैं. कम कीमत, अलग-अलग फ्लेवर और फ्रेश डेजर्ट की वजह से उनका यह छोटा सा स्टार्टअप लोगों के बीच लोकप्रिय हो रहा है. जमशेदपुर की इन तीन बहनों की पहल बताती है कि अगर किसी काम के प्रति जुनून हो और उसे आगे बढ़ाने की इच्छा हो, तो छोटे स्तर से शुरुआत करके भी अपनी अलग पहचान बनाई जा सकती है.