कौन है तन्निष्ठा साहा? ममता बनर्जी पर चाकू से हमला करने का लगा आरोप
Last Updated:
Mamata Banerjee Attack: पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी पर हमला करने के आरोप में एक महिला तन्निष्ठा साहा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है. टीएमसी पार्टी ने इसमें साजिश की आशंका भी जताई है. पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है और वीडियो की जांच की जा रही है. अभी यह साफ नहीं है कि घटना के पीछे कोई सुनियोजित योजना थी या नहीं. लेकि अब सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अचानक एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. एक बेहद सुरक्षित और संवेदनशील वीआईपी इलाके में भारी सुरक्षाबलों और मेटल डिटेक्टर्स की तैनाती के बावजूद एक महिला कैसे ममता बनर्जी के पास पहुंच गई? जानें पूरी कहानी.
तन्निष्ठा साहा कौन है? ममता बनर्जी के आवास के बाहर हंगामा, चाकू के आरोप और साजिश के सवालों की पूरी कहानी
Mamata Banerjee Attack Allegation: कोलकाता के कालीघाट इलाके में मंगलवार13 अक्टूबर की शाम उस समय हड़कंप मच गया जब Z+ सुरक्षा घेरे में रहने वालीं ममता बनर्जी के बेहद करीब एक संदिग्ध महिला पहुंच गई. आरोपी महिला की पहचान 38 साल की अनुसूया साहा के रूप में हुई है, जिसे स्थानीय लोग तन्निष्ठा साहा भी कहते हैं. तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया है कि महिला ममता बनर्जी को चोट पहुंचाने के इरादे से आई थी. पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना शाम करीब 6 बजे की है. उस समय ममता बनर्जी अपने घर के पास दुर्गा पूजा पंडाल के उद्घाटन के लिए निकली थीं. पार्टी ने इसे सुरक्षा में गंभीर चूक बताते हुए कालीघाट पुलिस थाने में शिकायत दी.
कौन है तन्निष्ठा साहा?
मीडिया में छपी खबर के मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस की सांसद डोला सेन ने शिकायत में महिला का नाम तन्निष्ठा साहा बताया है. पार्टी का दावा है कि वह कोलकाता पुलिस की सिविक वॉलंटियर है. शिकायत में उस पर नशे की हालत में होने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया गया है.
कैसे लगी Z+ सुरक्षा में सेंध
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना रविवार शाम करीब 6 बजे की है. ममता बनर्जी अपने घर से निकलकर पास के ही एक दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन करने जा रही थीं. इसी दौरान वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर एक महिला सीधे मुख्यमंत्री के गेट तक पहुंच गई. जब सुरक्षाबलों ने उसे रोका तो उसने खुद को ममता बनर्जी की भतीजी बताया. उसने दावा किया कि वह ‘दीदी’ से मिलने आई है.
ममता बनर्जी की साड़ी खींचने का आरोप
झूठ बोलकर भीतर घुसने के बाद जैसे ही ममता बनर्जी सामने आईं, महिला हिंसक हो गई. TMC नेताओं के मुताबिक, महिला ने सुरक्षा का कॉर्डन तोड़कर सीएम पर झपटने की कोशिश की. हंगामा इतना बढ़ गया कि महिला ने ममता बनर्जी की साड़ी तक खींच दी. वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और टीएमसी कार्यकर्ताओं ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई. उन्होंने महिला को पीछे धकेला, जिसके बाद वह गालियां देते हुए बीच सड़क पर ही लेट गई.
क्या सच में चाकू से हमला करने आई थी महिला?
तृणमूल कांग्रेस की शिकायत के अनुसार, महिला ने ममता बनर्जी के पास पहुंचने की कोशिश की और कथित तौर पर चाकू से हमला करना चाहा. पार्टी नेता कुणाल घोष ने दावा किया कि महिला ने ममता बनर्जी के पैर पर चाकू मारने की कोशिश की. आरोप है कि महिला सड़क पर लेट गई और गाली-गलौज करने लगी. पार्टी ने पुलिस को वीडियो और अन्य सबूत भी दिए है. दूसरी ओर, पुलिस ने कहा कि महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और घटना से जुड़े वीडियो की जांच की जा रही है.
क्या ममता बनर्जी की हत्या की थी साजिश?
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता साकेत गोखले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना को चौंकाने वाला बताया. उन्होंने BJP पर सवाल उठाते हुए आशंका जताई कि क्या यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा था. लेकिन इस दावे के समर्थन में अभी कोई पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस घटना की परिस्थितियों और महिला के व्यवहार की जांच कर रही है. फिलहाल, यह कहना जल्दबाजी होगी कि ममता बनर्जी की हत्या की साजिश रची गई थी. जांच के बाद ही घटना की असली वजह और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों का जवाब मिल सकेगा.