वैशाली में 20 बच्चों से भरी नाव आखिर पलटी क्‍यों? 14 की मौत का कारण क्‍या, वजह आ गई सामने


Last Updated:

Vaishali Boat Capsize Reason: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में मंगलवार शाम एक नाव पलटने से 14 बच्चों की डूबकर मौत हो गई. सभी बच्चे एक छोटी नाव पर सवार होकर भोज में शामिल होने जा रहे थे. क्षमता से अधिक बच्चों के होने के कारण नाव असंतुलित होकर पलट गई. स्थानीय लोगों और बचाव दल ने 14 शव बरामद कर लिए हैं, जबकि अन्य की तलाश जारी है. इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है.

Top Deals Inside

वैशाली में 20 बच्चों से भरी नाव आखिर पलटी क्‍यों? वजह आ गई सामनेZoom

इस घटना का कारण सामने आ गया है.

शादियों और भोज का वो माहौल, अचानक उजड़कर चीख-पुकार में बदल गया. बिहार के वैशाली में मंगलवार की शाम एक ऐसी तबाही आई, जिसने हर किसी की रूह कंपा दी. जरा सोचिए, हंसते-खेलते 15-20 बच्चे एक छोटी सी नाव पर सवार होकर दावत खाने जा रहे थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि मौत उनका इंतजार कर रही है. आखिर इतनी बड़ी त्रासदी हुई क्यों? वजह बनी ‘ओवरलोडिंग और जानलेवा लापरवाही’. क्षमता से तीन गुना ज्यादा वजन, बिना किसी सेफ्टी जैकेट के उफनती पानी की धार और एक पल का असंतुलन. नाव पलटी और मासूमों की चीखें सन्नाटे में तब्दील हो गईं. देखते ही देखते 14 जिंदगियां पानी में समा गईं.

वैशाली बोट पलटने के हादसे की वजह क्‍या?

शुरुआती जांच और चश्मदीदों के बयानों से सामने आया है कि यह दर्दनाक हादसा गंभीर लापरवाही और ओवरलोडिंग के कारण हुआ. एक स्थानीय दावत में शामिल होने के लिए करीब 15 से 20 बच्चे एक छोटी सी नाव पर सवार होकर ढाब (जलभराव वाले क्षेत्र) के दूसरी ओर जा रहे थे.
• क्षमता से अधिक भार: एक छोटी नाव पर क्षमता से अधिक बच्चों के सवार होने के कारण नाव बीच मझधार में जाकर असंतुलित हो गई और पलट गई.
• तैरने की क्षमता का अभाव: नाव पलटने के बाद पानी की गहराई अधिक होने और बच्चों के नासमझ होने के कारण वे खुद को संभाल नहीं सके और डूब गए.
• सुरक्षा मानकों की अनदेखी: इस रूट पर लगातार सुरक्षा उपायों और लाइफ जैकेट की कमी पर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के इस तरह की जोखिम भरी नावें चलाई जा रही हैं.

स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और प्रशासन को सूचित किया. अब तक 14 बच्चों के शव पानी से बाहर निकाले जा चुके हैं. प्रशासन आशंका जता रहा है कि मृतकों की संख्या में अभी और इजाफा हो सकता है, क्योंकि डूबे अन्य बच्चों की तलाश के लिए गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है.


तेजस्‍वी यादव ने जताया शोक
इस भीषण दुर्घटना पर बिहार के राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर दौड़ गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा कि राघोपुर दियारा क्षेत्र में नाव पलटने की यह अत्यंत दुखद घटना हृदय को झकझोर देने वाली है. उन्होंने स्थानीय प्रशासन और अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर राहत, बचाव और घायलों के उपचार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. वहीं, बिहार कांग्रेस ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पार्टी शोकाकुल परिजनों साथ खड़ी है. मुख्यमंत्री कार्यालय और जिला प्रशासन ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता और मुआवजे का भरोसा दिया है.



Source link